काजू के छिलकों की आड़ में गांजा तस्करी का खुलासा, 30.25 लाख का गांजा बरामद

Spread the love

सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस, एसओजी और एएनटीएफ यूनिट मेरठ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने काजू के छिलकों से भरे कट्टों की आड़ में तस्करी कर ले जाए जा रहे 60 किलो 525 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30.25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आयशर कैंटर और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
 आरोपी के कथन के अनुसार, उड़ीसा निवासी एक व्यक्ति ने उसे गांजा लाने के लिए आयशर कैन्टर उपलब्ध कराया था और इस काम के बदले 40 हजार रुपये अतिरिक्त देने का लालच दिया था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋषि कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय विनेश कुमार, निवासी ग्राम किशनपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा के रूप में हुई है।
 पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2020 के दो अन्य मामले भी दर्ज हैं, जिनमें एक मामला शस्त्र अधिनियम से संबंधित है। पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में एसओजी सोनभद्र के निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, एएनटीएफ यूनिट मेरठ के उपनिरीक्षक लोकेन्द्र कुमार, थाना रॉबर्ट्सगंज के उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव सहित एएनटीएफ, एसओजी और रॉबर्ट्सगंज थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *