मनरी बजने के साथ ही बेचूबीर का तीन दिवसीय मेला संपन्न 

Spread the love

 प्रसाद के रूप में अक्षत लेकर लौटे आस्थावान 

अहरौरा, मिर्जापुर। इस युग में भी विज्ञान को चुनौती देने वाला भूत प्रेत से निवारण करने और पुत्र प्राप्ति की इच्छा को पूर्ण करने वाला बेचूबीर बाबा का तीन दिवसीय मेला शुक्रवार की भोर बाबा की चौरी पर मनरी बजने के साथ समाप्त हो गया और दर्शन पूजन के लिए पहुंचे लाखों आस्थावान चौरी से प्रसाद के रूप में दिया जाने वाला अक्षय चावल का दाना लेकर अपने अपने घर वापस लौट गए।

शुक्रवार की भोर लगभग साढ़े तीन बजे बेचूबीर बाबा की चौरी से माइक पर मेला व्यवस्थापक रोशन लाल यादव ने घोषणा किया की अब कोई चौरी पर चढ़ावा नहीं चढ़ेगा और सफाई होगी। पुजारी ब्रजभूषण यादव स्नान करने जायेंगे। और पुजारी पुलिस की सुरक्षा में अपने साथ कुछ लोगों को लेकर चौरी से लगभग एक किलोमीटर दूर पटपड़ नदी में स्नान करने जाते हैं वहां स्नान कर विभिन्न देवी देवताओं डीह डिहवार की पूजा अर्चना करते हुए 4 बजे भोर की करीब दौड़ कर आते हैं और हाथ में लाठी लिये होते हैं तथा चौरी से लिपट लिपट कर पूजा अर्चना करने लगते हैं इस बीच चारों तरफ सन्नाटा छा जाता हैं और मनरी बजने लगता है।

थोड़े देर बाद चौरी के सामने खड़े हजारों लोग बेचूबीर का जयकारा लगाने लगते हैं और चौरी से चारों तरफ प्रसाद दिया जाने लगता है पुलिस को भीड़ संभालना मुश्किल हो जाता हैं लेकिन बाबा की कृपा कहे या कुछ और शांति से सब बीत जाता हैं और लाखों लोग प्रसाद लेकर अपनी मनोकामनाओं को पूर्ण होने का विश्वास लेकर अपने अपने घरों को लौट जाते हैं। इसी तरह बरहिया माई की चौरी पर  वहां के पुजारी दलसिंगार यादव करते हैं वहां भी मनरी बजता है और मेला समाप्त हो जाता हैं।

मेला स्थल पर ठहरने की व्यवस्था न होने से हजारों लोगों ने खुले आसमान बिताई रात 

अंतरप्रांतीय स्तर पर लगने वाले बेचूबीर के इस तीन दिवसीय मेले में दूर दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को रुकने के लिए कोई धर्मशाला या अन्य सुरक्षित स्थान न होने के कारण लोग मजबूरी में पहाड़ों और खेतों में कपड़े का टेंट बनाकर किसी तरह खुले आसमान रात गुजारने को मजबूर होते हैं। दूर दूर से आने वाले आस्थावानों का कहना था की यहां धर्मशाला की व्यवस्था होनी चाहिए।

रात भर डटे रहे अधिकारी 

मेला स्थल पर बेचूबीर और बरहिया माई चौरी के सामने लगे पंडाल पर पूरी रात महिला सिपाहियों सहित थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा तथा राजस्व कर्मी उपस्थित रहे और पल पल की खबर सी सी टी वी कैमरे के माध्यम से लेते रहे।

बाबा के दरबार में आए एक व्यक्ति की मौत शव लेकर वापस लौट गए परिजन 

बेचूबीर बाबा के दरबार में अपने इलाज की कामना लेकर आए बिहार के आस्थावान की रात में अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई इसके बाद परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव लेकर वापस लौट गए। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया की बिहार के सासाराम सगराव जिला बक्सर निवासी अशोक सिंह 47 वर्ष हार्ड की समस्या से परेशान थे बेचूबीर बाबा के दरबार में उनकी पत्नी सहित परिजन गांव वालो के साथ  आए थे की बेचूबीर बाबा की कृपा हो जाएगी तो आराम मिल जाएगा लेकिन रात में अचानक तबियत खराब हुई एक दो दस्त हुआ पुलिस को सूचना मिली तो तत्काल लेकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आए लेकिन चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *