प्रयागराज मंडल में ट्रेन परिचालन में उल्लेखनीय वृद्धि, वर्ष 2026 में दर्ज की गईं महत्वपूर्ण उपलब्धियां

Spread the love

ओरिजिनेटिंग TOD (ट्रेन आन डिमांड) ट्रेनों की संख्या में लगभग 77 प्रतिशत की वृद्धि, प्रतिदिन औसतन 102 ट्रेनों का हो रहा प्रारंभिक संचालन

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा यात्री परिवहन एवं ट्रेन परिचालन क्षमता में निरंतर वृद्धि की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा रही हैं। मंडल में वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 के दौरान ट्रेनों के परिचालन एवं प्रारंभिक संचालन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। अप्रैल से 19 नवंबर 2026 तक के तुलनात्मक आंकड़े मंडल की बेहतर परिचालन क्षमता एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग को दर्शाते हैं।

**ओरिजिनेटिंग TOD (ट्रेन आन डिमांड) ट्रेनों में लगभग 77 प्रतिशत की वृद्धि**

वर्ष 2025 में अप्रैल से 19 नवंबर तक कुल 844 ओरिजिनेटिंग TOD ट्रेनें प्रारंभ की गई थीं, जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 1493 हो गई। इस प्रकार 649 अतिरिक्त TOD ट्रेनों का संचालन किया गया, जो लगभग 77 प्रतिशत की वृद्धि है । दैनिक औसत भी 4 ट्रेनों से बढ़कर 6 ट्रेनें हो गया है। विशेष रूप से अगस्त एवं अक्टूबर 2026 में 266-266 ओरिजिनेटिंग TOD ट्रेनों का संचालन किया गया, जबकि नवंबर माह में 19 तारीख तक ही 156 ट्रेनों का संचालन हो चुका है।

प्रयागराज जंक्शन से गुजरने वाली TOD ट्रेनों के परिचालन में वृद्धि

प्रयागराज जंक्शन से होकर गुजरने वाली कुल TOD ट्रेनों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2026 में अप्रैल से 19 नवंबर तक कुल 10,875 TOD ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन से गुजरी । नवंबर 2026 में 19 तारीख तक 1,687 TOD ट्रेनों का परिचालन हुआ, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1,511 ट्रेनें संचालित हुई थीं। इस दौरान दैनिक औसत परिचालन 80 से बढ़कर 89 ट्रेनें हो गया।

प्रतिदिन औसतन 102 ट्रेनों का हो रहा प्रारंभिक संचालन

मंडल में मेल/एक्सप्रेस, TOD एवं पैसेंजर ट्रेनों के प्रारंभिक संचालन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2025 में अप्रैल से 19 नवंबर तक कुल 23,087 ट्रेनें प्रारंभ की गई थीं, जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 23,730 हो गई। इस प्रकार कुल 643 अतिरिक्त ट्रेनों का प्रारंभिक संचालन किया गया, जो लगभग 2.8 प्रतिशत की वृद्धि है। दैनिक औसत के आधार पर भी वर्ष 2025 में जहां प्रतिदिन 99 ट्रेनें प्रारंभ हो रही थीं, वहीं वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 102 ट्रेनें प्रतिदिन हो गई है।नवंबर 2026 में 19 तारीख तक 2,011 ट्रेनों का प्रारंभिक संचालन किया जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 1,924 थी।

**मंडल रेल प्रबंधक के कुशल नेतृत्व एवं सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम**

मंडल रेल प्रबंधक के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं निरंतर मॉनिटरिंग तथा मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से ये महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। परिचालन, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, विद्युत, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार सहित विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल, कार्यों की सतत निगरानी तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग ने मंडल की परिचालन क्षमता को नई मजबूती प्रदान की है। सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों, बेहतर कार्ययोजना एवं समर्पित कार्यशैली से न केवल ट्रेनों के प्रारंभिक संचालन में वृद्धि हुई है, बल्कि बढ़ते रेल यातायात के अनुरूप परिचालन व्यवस्था को अधिक सक्षम एवं प्रभावी बनाने में भी सफलता मिली है।प्रयागराज मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा परिचालन दक्षता में निरंतर वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *