चन्दौली। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आज कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई की। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को दूरभाष व पत्र के माध्यम से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से राजस्व विवाद, भूमि पैमाइश, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, विद्युत और विकास कार्यों से जुड़े मामले सामने आए।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही, निस्तारण के पश्चात शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने पर भी जोर दिया गया।
