नागपुर। कोल इंडिया लिमिटेड के अधीन मिनीरत्न सार्वजनिक उपक्रम वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने आज अपने इतिहास में पहली बार स्वतंत्र कॉर्पोरेट लोगो एवं नई कॉर्पोरेट पहचान का भव्य अनावरण किया। यह अवसर WCL के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण रहा, जिसमें अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे, निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) बिक्रम घोष, निदेशक (तकनीकी/संचालन) आनंदजी प्रसाद तथा निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) संदीप परांजपे सहित कंपनी के सभी क्षेत्रों एवं इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जुड़े।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में WCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि वर्ष 1975 से WCL देश की ऊर्जा सुरक्षा को सशक्त बनाने में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ कंपनी आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं सतत विकास के सिद्धांतों को अपनाते हुए भविष्य की चुनौतियों एवं अवसरों के लिए स्वयं को तैयार कर रही है। उन्होंने बताया कि WCL की मल्टीमीडिया कम्युनिकेशन टीम द्वारा विकसित यह नया लोगो कंपनी की गौरवशाली विरासत, संगठनात्मक शक्ति एवं प्रगतिशील सोच का प्रतीक है। नए लोगो को परिभाषित करते हुए उन्होंने बताया कि लोगो में ‘W’ और ‘C’ का अभिनव संयोजन पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर नई संभावनाओं को अपनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। लाल रंग का ‘C’ ऊर्जा, उत्साह एवं कोल इंडिया की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है, वहीं इसकी आकृति हॉकी स्टिक का आभास कराते हुए राष्ट्रीय गौरव, टीम भावना एवं गतिशीलता को भी प्रतिबिंबित करती है। ‘L’ का आधुनिक एवं अग्रसर स्वरूप स्थिरता, नवाचार और निरंतर प्रगति का संदेश देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई कॉर्पोरेट पहचान WCL की संस्थागत, डिजिटल एवं ब्रांडिंग उपस्थिति को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा कर्मचारियों, हितधारकों एवं संपूर्ण खनन समुदाय में गर्व, एकता और नई ऊर्जा का संचार करेगी। यह पहल WCL की प्रगतिशील यात्रा में एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) बिक्रम घोष ने अपने संबोधन में कहा कि नई कॉर्पोरेट पहचान केवल एक लोगो नहीं, बल्कि WCL की कार्य संस्कृति, दूरदर्शी सोच और संगठनात्मक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि WCL परिवार का प्रत्येक सदस्य इस नई पहचान की भावना को अपने कार्यों में आत्मसात करते हुए कंपनी को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
