पहले दिन चार मुकाबलों में आरपीएफ, इंजीनियरिंग, मैकेनिकल एवं परिचालन विभाग की टीमें विजयी
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के खेलकूद संघ द्वारा डीएसए ग्राउंड, प्रयागराज में दिनांक 08 से 10 अक्टूबर तक अंतर विभागीय रेलवे वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ दिनांक 08 अक्टूबर, 2026 को मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल के आठ विभागों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें परिचालन, विद्युत परिचालन, लेखा, विद्युत सामान्य, रेलवे सुरक्षा बल, यांत्रिक, इंजीनियरिंग तथा चिकित्सा विभाग की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य रेल कर्मचारियों में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, आपसी सहयोग एवं टीम भावना को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में आरपीएफ की टीम ने विद्युत परिचालन विभाग की टीम को पराजित कर जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने विद्युत सामान्य विभाग की टीम को हराया। तीसरे मुकाबले में यांत्रिक विभाग की टीम ने लेखा विभाग की टीम को शिकस्त दी। वहीं, चौथे मुकाबले में परिचालन विभाग की टीम ने चिकित्सा विभाग की टीम को पराजित कर विजय हासिल की। सभी टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि खेलकूद कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रेलवे में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं तथा विभिन्न विभागों के बीच आपसी सौहार्द एवं समन्वय को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 10 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें शेष मुकाबलों के माध्यम से विजेता टीम का निर्णय किया जाएगा।
