झज्जर।विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ औद्योगिक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से झाड़ली स्थित एपीसीपीएल पॉवर प्लांट द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग के 70 सदस्यीय दल के लिए पॉवर प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। दल में विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ प्राध्यापक, शोधार्थी तथा विद्यार्थी शामिल रहे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कोल लैब, मिट्टी एवं जल परीक्षण प्रयोगशाला, तेल परीक्षण प्रयोगशाला, विशेष परीक्षण प्रयोगशाला, जल परीक्षण प्रयोगशाला, प्री-ट्रीटमेंट प्लांट (क्लैरिफायर एवं ग्रैविटी सैंड फिल्टर) तथा डीएम प्लांट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें विद्युत उत्पादन में रसायन विज्ञान की भूमिका, जल शोधन और विभिन्न पदार्थों की गुणवत्ता जांच से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी मिली। इस अनुभव से विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक कार्यप्रणाली से जोड़ने का अवसर मिला।
भ्रमण के दौरान हरजीत सिंह, उप महाप्रबंधक (रसायन विभाग), संतोष कुमार जोरम, प्रबंधक (रसायन विभाग) तथा लारेब खान, कार्यपालक (मानव संसाधन) ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली एवं विद्युत उत्पादन में उनके महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पी. सिवाराम प्रसाद, वरिष्ठ प्रबंधक (सेफ्टी) द्वारा सुरक्षा संबंधी विशेष जानकारी भी दी गई। इसमें संयंत्र परिसर में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा नियमों, सावधानियों तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन के महत्व से अवगत कराया गया, ताकि भ्रमण सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
