अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बिहार के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन नए स्वरूप में तैयार

Spread the love

 हाजीपुर। देशभर में आधुनिक, सुगम एवं यात्री-केंद्रित रेलवे स्टेशनों के विकास के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को साकार करते हुए, बिहार के  शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के तहत व्यापक पुनर्विकास किया गया है। पुनर्विकसित स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी समाहित करता है तथा सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बिहार के साहिबगंज–भागलपुर रेलखंड पर स्थित एनएसजी-5 श्रेणी का शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन,  भागलपुर जिले के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क केंद्र है। राष्ट्रीय राजमार्ग-80 के निकट स्थित यह स्टेशन प्रतिदिन हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं व्यवसायियों को महत्वपूर्ण रेल संपर्क उपलब्ध कराता है। यह क्षेत्र अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा “भारत की सिल्क सिटी” के नाम से प्रसिद्ध भागलपुर की निकटता के लिए जाना जाता है, जो अपनी सदियों पुरानी रेशम बुनाई की परंपरा के लिए विश्वविख्यात है। पुनर्विकसित स्टेशन से यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि होगी, क्षेत्रीय आवागमन को गति मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं रोजगार तक लोगों की पहुँच और अधिक सुगम होगी।

विकसित भारत के भारतीय रेल के दृष्टिकोण के अनुरूप, शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत ₹17.94 करोड़ की स्वीकृत लागत से पुनर्विकसित किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य यात्री सुविधाओं का विस्तार, सुगम पहुँच सुनिश्चित करना, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना तथा स्टेशन परिसर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है, साथ ही क्षेत्र की स्थानीय पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। स्टेशन की वास्तुकला को भागलपुर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के अनुरूप विकसित किया गया है, जिससे यह आधुनिक यात्री सुविधाओं और स्थानीय परंपरा का उत्कृष्ट संगम प्रस्तुत करता है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर किए गए प्रमुख विकास कार्य:
 स्टेशन भवन का आधुनिक अग्रभाग (फसाड), कॉन्कोर्स एवं बुकिंग काउंटरों का उन्नयन।
 प्रतीक्षालय, रिजर्व लाउंज एवं शौचालयों का आधुनिकीकरण।
 नए सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग क्षेत्र का विकास।
 यात्रियों के सहज मार्गदर्शन हेतु आधुनिक एवं उन्नत संकेतक (साइनेज) की व्यवस्था।
 स्टेशन भवन एवं सर्कुलेटिंग क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था।
 यात्रियों की सुविधा हेतु 02 यात्री लिफ्टों की व्यवस्था।
 दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित (Barrier-Free) सुविधाओं का विकास।
*स्थानीय संस्कृति एवं क्षेत्रीय पहचान को प्रतिबिंबित करने वाले वास्तुशिल्पीय सुधार।

शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन अब आधुनिक अवसंरचना एवं उन्नत सुविधाओं के साथ यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इन सुविधाओं से यात्रियों को बेहतर आराम, सहज आवागमन तथा उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएँ उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं की प्रभावी पूर्ति हो सकेगी।

यात्री सुविधाओं के अतिरिक्त, इस पुनर्विकास से क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति को भी नई गति मिलने की अपेक्षा है। बेहतर रेल संपर्क के माध्यम से स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही यह आधुनिक स्टेशन क्षेत्र के निवासियों एवं आगंतुकों के लिए एक आकर्षक एवं स्वागतयोग्य प्रवेश द्वार के रूप में सतत क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेल की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त, टिकाऊ, भविष्य उन्मुख एवं जीवंत परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित करना है, साथ ही उनकी स्थानीय विरासत एवं वास्तुशिल्पीय पहचान को भी संरक्षित रखना है। शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को विश्वस्तरीय रेल अवसंरचना, सुरक्षित, स्मार्ट एवं आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में  रेलवे की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *