नवीनगर। बिहार प्रदेश युवा जदयू अध्यक्ष नीतीश पटेल के निर्देश पर युवा जदयू के जिला अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ राजा बाबू ने जिले के 11 प्रखंडों में युवा संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रखंड अध्यक्षों की सूची जारी की है। जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर राजीव रंजन सिंह उर्फ राजा बाबू ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जोड़कर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।
इसी क्रम में जिला के 11 प्रखंडों में अध्यक्षों की सूची जारी की गई, जिसमें ग्राम मझियावां निवासी विकास कुमार सिंह को नवीनगर प्रखंड युवा जदयू अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विकास कुमार सिंह के नवीनगर प्रखंड युवा जदयू अध्यक्ष बनाए जाने पर क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
विकास कुमार सिंह ने पार्टी के प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को जदयू की विचारधारा एवं नीतियों से जोड़ते हुए नवीनगर प्रखंड में संगठन को और अधिक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।
