बिलासपुर । एनटीपीसी कोलडैम में 7 नवंबर को एनटीपीसी का 52 वाँ स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह, उल्लास एवं गौरव के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर परियोजना प्रमुख एस.एस. राव ने श्रीमती मंगला हरिंद्रन, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), सभी विभागाध्यक्षों, सहयोगियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में एनटीपीसी का ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से एनटीपीसी गीत का गायन किया।
ध्वजारोहण के पश्चात परियोजना प्रमुख ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विगत वर्ष के दौरान एनटीपीसी द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी न केवल भारत का सबसे बड़ा विद्युत उत्पादक है, बल्कि देश के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने एनटीपीसी कोलडैम के योगदान की भी विशेष रूप से सराहना की।
कार्यक्रम में सीआईएसएफ एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस गौरवशाली अवसर का हिस्सा बनकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को परियोजना प्रमुख द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन परियोजना प्रमुख द्वारा सभी विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों के साथ केक काटकर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने एनटीपीसी की गौरवशाली उपलब्धियों का उत्सव मनाया तथा संगठन के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की।
