उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय में एनटीपीसी का 52वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

Spread the love

लखनऊ। एनटीपीसी का 52वाँ स्थापना दिवस 7 नवंबर, 2026 को उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय (NRHQ), लखनऊ में बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी परिवार ने एकजुटता, गौरव और समर्पण की भावना के साथ राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने की पाँच दशकों से अधिक की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख (मानव संसाधन) श्रीमती रूमा डे शर्मा ने एनटीपीसी ध्वज फहराया। इसके पश्चात एनटीपीसी गीत का सामूहिक गायन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमती शर्मा ने वर्ष 1975 में सिंगरौली में प्रथम परियोजना की स्थापना से लेकर 91,668 मेगावाट की स्थापित क्षमता वाली महारत्न कंपनी बनने तक एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 2032 तक 149 गीगावाट क्षमता हासिल करने की एनटीपीसी की प्रतिबद्धता दोहराई तथा नवीकरणीय ऊर्जा, सतत विकास और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष जोर दिया।

उत्तरी क्षेत्र के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि क्षेत्र ने 4 नवंबर, 2026 तक 69,964.63 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया, जो एनटीपीसी समूह के कुल उत्पादन का 24.9 प्रतिशत है। इस दौरान क्षेत्र ने 75 प्रतिशत का प्रभावशाली प्लांट लोड फैक्टर (PLF) भी हासिल किया। उन्होंने प्रमुख आगामी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें 1,600 मेगावाट की सिंगरौली स्टेज-III विस्तार परियोजना, 2,400 मेगावाट की मेजा विस्तार परियोजना तथा उत्तर प्रदेश में 1,000 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं।

सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उत्तरी क्षेत्र ने अक्टूबर 2026 तक 2.38 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया तथा 86.12 प्रतिशत राख उपयोगिता हासिल की। एनटीपीसी शिक्षा, कौशल विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी प्रभावशाली सीएसआर पहल कर रहा है। समारोह के अंतर्गत उत्तरा क्लब द्वारा सीएसआर पहल के तहत एक वृद्धाश्रम को आवश्यक सामग्री वितरित कर सहयोग प्रदान किया गया। इस अवसर पर लेडीज क्लब की समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में वयस्क डायपर, फल एवं नाश्ते के पैकेट वितरित किए गए। हिंदी पखवाड़ा एवं स्वच्छता पखवाड़ा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। समारोह का समापन रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *