बेगूसराय। केंद्रीय विद्यालय एचयूआरएल में राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा सप्ताह 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से एसी (फायर) श भास्कर दास तथा विद्यालय के प्राचार्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट एवं अग्निशमन शाखा प्रभारी ने अग्नि सुरक्षा सप्ताह की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्युत, तेल, गैस एवं सामान्य आग जैसी घटनाओं से किस प्रकार खतरे उत्पन्न होते हैं तथा उनसे बचाव के लिए अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करना कितना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों एवं फिक्स्ड फायर फाइटिंग सिस्टम के बारे में छात्रों और शिक्षकों को विस्तार से जानकारी दी गई। अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के प्रयोग का प्रदर्शन किया गया तथा विद्यार्थियों को इसका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। इसके साथ ही CISF टीम ने सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) की उपयोगिता और प्रक्रिया समझाई। टीम ने ग्राउंड रेस्क्यू मेथड्स एवं इवैकुएशन ड्रिल के माध्यम से आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी।
विद्यालय में अग्नि सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सप्ताह भर ड्राइंग प्रतियोगिता, निबंध लेखन, फायर ड्रिल प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता एवं विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। बताया गया कि 20 अप्रैल को विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अग्नि सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान CISF टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया।
