सेवा संकल्प अभियान में मेधावी छात्रों का सम्मान, सीडीओ ने किया संवाद

Spread the love

मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, लक्ष्य तय करने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का दिया मंत्र

सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के तहत बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने 20 मेधावी छात्रों, उनके अभिभावकों और संबंधित शिक्षकों व प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया। सीडीओ ने मेधावी बच्चों और उनके अभिभावकों से सीधे संवाद कर उनकी रुचियों, कल्पना शक्ति और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से गांव, जनपद और देश के विकास में योगदान देने की उनकी सोच भी जानी। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में उनकी भूमिका और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। जागृति अवस्थी ने कहा कि बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपना लक्ष्य निर्धारित करें और शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ लेते हुए निरंतर आगे बढ़ें। मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से ही सपनों को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक श्रवण राय, उपायुक्त श्रम रोजगार वीबी-जी रामजी रविन्द्र वीर, बीएसए मुकुल आनंद पाण्डेय समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और बिरला कार्बन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अभिभावकों ने कहा कि ऐसे सम्मान से बच्चों का आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *