एनटीपीसी विंध्याचल में मेगा पेप टॉक से ‘सेफ्टी फस्र्ट’ संस्कृति को मिला नया संबल
सोनभद्र। एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा 07 अक्टूबर 2026 को एमजीआर क्षेत्र में मेगा पेप टॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर सक्रिय, जिम्मेदार एवं सतत सुरक्षा संस्कृति को और सुदृढ़ करना तथा कर्मचारियों एवं श्रमिकों में सुरक्षित कार्य व्यवहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल), एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम), टी. एन. सीतारमन, महाप्रबंधक (रसायन), देबब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (टीएस एवं प्रोजेक्ट) तथा वी. एच. राव मद्दीपटला, अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर डॉ. कल्याण कृष्णमूर्ति, वरिष्ठ असेसर, सीआईआई-एक्ज़िम बैंक असेसमेंट टीम के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने उपस्थित जनसमूह को सुरक्षा शपथ दिलाते हुए कहा कि सुरक्षा केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा है और इसकी शुरुआत घर से बाहर कदम रखते ही हो जाती है। एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने आत्म-अनुशासन, अपने कार्य के प्रति सम्मान, जल्दबाजी से बचने तथा सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया। इस दौरान श्रमिकों ने भी अपने दैनिक कार्यों में अपनाई जाने वाली व्यावहारिक सुरक्षा पद्धतियों को साझा किया। डॉ. कल्याण कृष्णमूर्ति ने एनटीपीसी विंध्याचल की सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति की सराहना करते हुए किसी भी कार्य को प्रारंभ करने से पहले सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता रेखांकित की।
वी. एच. राव मद्दीपटला द्वारा संचालित सत्र में श्रमिकों को साइट सेफ्टी एवं व्यावसायिक जोखिमों के प्रति जागरूक किया गया। सुरक्षा संदेशों को प्रभावी एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत करने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सुरक्षित कार्य पद्धतियों के उत्कृष्ट अनुपालन के लिए 30 से अधिक श्रमिकों को सम्मानित किया गया, जिससे यह संदेश और मजबूत हुआ कि सतर्कता, सुरक्षित व्यवहार तथा सामूहिक जिम्मेदारी ही एनटीपीसी विंध्याचल की परिचालन उत्कृष्टता और सुरक्षा संस्कृति की आधारशिला हैं।
