डीएम शैलेष कुमार ने पीएचसी सदर का निरीक्षण कर परखीं तैयारियां, नागरिकों से की अपील
चन्दौली। प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ रविवार, 22 नवंबर को जनपद चंदौली में पल्स पोलियो अभियान का आगाज होगा। इस महाअभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 3,07,678 नौनिहालों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य, आईसीडीएस और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बूथ से लेकर घर-घर तक पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर माइक्रोप्लान तैयार किया है। ‘पोलियो रविवार’ के दिन बच्चों को दवा पिलाने के लिए जिले भर में कुल 976 बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, यात्रा कर रहे बच्चों व दूरदराज के क्षेत्रों को कवर करने के लिए 38 ट्रांजिट और 18 मोबाइल टीमों को भी तैनात किया गया है। बूथ दिवस के पश्चात, सोमवार से शुक्रवार तक 616 टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सदर का औचक भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कोल्ड चेन, दवा की उपलब्धता और टीमों की तैनाती की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को रविवार को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं और देश को पोलियो मुक्त रखने के इस राष्ट्रीय अभियान में अपना अमूल्य योगदान दें।
