अगस्त माह में 48 हज़ार से अधिक यात्री किए गए प्रभारित, 4.51 करोड़ रुपए से अधिक वसूला गया जुर्माना
प्रयागराज । मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में विविध अभियान चलाता रहता है । प्रयागराज मण्डल सभी यात्रियों को अच्छा भोजन, शुद्ध पेय जल, स्वच्छ शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ टिकट रहित और अनियमित यात्रा करने वालो पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशनों एवं गाड़ियों में निरंतर टिकट चेकिंग अभियान चला रहा है।
दिनांक 01 अगस्त, से 20 अगस्त, तक चलाये गए सघन टिकट चेकिंग अभियान में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, अनबुक्ड लगेज एवं धूम्रपान/गंदगी के विरुद्ध कार्रवाई की गई । इस टिकट चेकिंग अभियान के दौरान कुल 48,481 यात्रियों को प्रभारित कर 4,51,36,868 /- रुपए का जुर्माना वसूल किया गया । इसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 20,611 यात्रियों से 2,33,20,347/- रुपए, अनियमित यात्रा करने वाले 25,647 यात्रियों से 1,98,31,952 /- रुपए, अनबुक्ड लगेज के लिए 21 यात्रियों से 14,317 /- रुपये जुर्माना एवं एवं धूम्रपान/गंदगी फैलाने वाले 2202 यात्रियों से 19,70,252 /- रुपये जुर्माना वसूला गया ।
रेल प्रशासन अपने सभी सम्मानित यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। यात्रियों से अनुरोध है कि कूड़ा-कचरा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें और किसी भी प्रकार की असुविधा या अनियमितता की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दें। प्रयागराज मण्डल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुखद यात्रा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।
