सोनभद्र। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर बुधवार को स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित बैठक में आगामी स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मतदाताओं से संपर्क करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा और शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दोनों प्रत्याशियों को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने के लिए एक-एक मतदाता से संपर्क करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को रॉबटर््सगंज के बढ़ौली चैराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद तहसील परिसर पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि पिछले चुनाव की तरह इस बार भी मतदाता उन्हें ऐतिहासिक मत देकर सदन में भेजें, ताकि उन्हें पुनः सेवा का अवसर मिल सके। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, राजेंद्र सिंह पटेल और रमेश चंद्र दुबे समेत अन्य नेताओं ने दोनों एमएलसी प्रत्याशियों की जीत के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
