मानसिक चिकित्सालय में 200 महिला निवासियों को ग्रूमिंग किट; SET प्रशिक्षणार्थियों को टूल किट वितरित
नागपुर। सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए झंकार महिला मंडल, नागपुर द्वारा सामाजिक सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में विभिन्न पहल की जा रही हैं। 5 अक्टूबर को झंकार महिला मंडल द्वारा मानसिक चिकित्सालय, नागपुर में विशेष सामाजिक सेवा गतिविधि आयोजित की गई। झंकार महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रीना पांडे, उपाध्यक्ष श्रीमती किरण सिन्हा तथा मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्यगण इस अवसर पर उपस्थित रहे। श्रीमती रीना पांडे ने महिला निवासियों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना। मंडल की ओर से लगभग 200 महिला निवासियों को ब्यूटी एवं ग्रूमिंग किट तथा जूँ की दवा वितरित की गई। महिला निवासियों ने गीत प्रस्तुत किए तथा अपने हाथों से तैयार किए गए हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया। मंडल की सदस्यों ने इन उत्पादों की खरीद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसी क्रम में 06 अक्टूबर 2026 को वेकोलि के स्किल डेवलपमेंट सेंटर, HRD विभाग, इंदोरा कॉम्प्लेक्स, नागपुर में ATDC के सहयोग से Self-Employed Tailor (SET) कौशल विकास कार्यक्रम के प्रथम बैच का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती रीना पांडे, ATDC की निदेशक डॉ. रूपाली शुक्ला, झंकार महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा वेकोलि के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। SET कार्यक्रम के तहत महिलाओं एवं ग्रामीण/वंचित युवाओं को सिलाई, कटिंग, परिधान निर्माण एवं उद्यमिता जैसे बाजारोन्मुखी कौशल सिखाए जाएंगे। श्रीमती रीना पांडे ने प्रशिक्षणार्थियों को टूल किट वितरित किए और उन्हें कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कौशल आत्मविश्वास, सम्मानजनक आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण का आधार है।
