एनटीपीसी मौदा में हिंदी कार्यशाला आयोजित

Spread the love

नागपुर। एनटीपीसी मौदा के राजभाषा अनुभाग (हिंदी) द्वारा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कर्मचारी विकास केंद्र (EDC) में हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय था “भारतीय बहुभाषी हिंदी शब्द सिंधु एवं कार्यालयीन कार्यों में उनका उपयोग”। राजभाषा अनुभाग (हिंदी) द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को भारतीय बहुभाषी अनुवाद टूल एवं हिंदी शब्द सिंधु की विशेषताओं, उपयोगिता तथा कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रभावी प्रयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही हिंदी में राजकीय एवं कार्यालयीन कार्यों के निष्पादन को अधिक सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न डिजिटल हिंदी उपकरणों और संसाधनों के व्यावहारिक उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यशाला के दौरान बताया गया कि भारतीय बहुभाषी अनुवाद टूल्स एवं हिंदी शब्द सिंधु विभिन्न भारतीय भाषाओं एवं हिंदी के मध्य भाषायी समन्वय स्थापित करने वाला एक महत्वपूर्ण डिजिटल उपकरण है, जो राजभाषा हिंदी में कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है। कार्यशाला में उपस्थित सीआईएसएफ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विषय को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कार्यालयीन कार्यों में इसके व्यापक उपयोग के प्रति रुचि व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान भी किया गया तथा उन्हें हिंदी में कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर राजभाषा अनुभाग (हिंदी), एनटीपीसी मौदा ने हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों में हिंदी के प्रति जागरूकता एवं दक्षता विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया। राजभाषा अनुभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की कार्यशालाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने हेतु आवश्यक ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *