कोयला भवन मुख्यालय में योग कैंप का शुभारंभ
धनबाद।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कोयला भवन मुख्यालय में आज बीसीसीएल द्वारा सात दिवसीय योग कैंप का शुभारंभ किया गया। 15 जून से 20 जून तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) सुधाकर प्रसाद, महाप्रबंधक (श्रमशक्ति नियोजन) अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (सीएसआर) सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) मनीष मिश्रा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न सत्रों एवं अभ्यास में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी सक्रिय सहभागिता की। योग प्रशिक्षक श्री राम सरनार सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम, ध्यान, प्रार्थना एवं योग की अन्य महत्वपूर्ण क्रियाओं का अभ्यास किया और बेहतर स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो हमारे जीवन में शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी एवं व्यस्त जीवनशैली में योग न केवल उत्तम स्वास्थ्य और तनावमुक्त जीवन का प्रभावी माध्यम है, बल्कि कार्यस्थल पर सकारात्मकता, एकाग्रता और कार्यकुशलता को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने पर बल दिया।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के आयोजन की पूर्व तैयारी के तहत आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार देशभर के सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (पीएसयू) तथा विभिन्न सरकारी विभागों में योग कैंप एवं वेलनेस सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में आज कोयला भवन मुख्यालय में उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का समापन आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह के साथ किया जाएगा। बीसीसीएल द्वारा आयोजित यह पहल कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक सुदृढ़ता तथा योग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
