बोकारो। विगत 12 एवं 13 जून को वाराणसी में क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (क्यूसीएफआई) द्वारा आयोजित 5एस के 12वें राष्ट्रीय वार्षिक अधिवेशन में शामिल बीएसएल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं. इस दो दिवसीय अधिवेशन में देश के विभिन्न उद्योगों एवं संस्थानों की टीमों ने भाग लिया. 5एस के 12वें राष्ट्रीय वार्षिक अधिवेशन में सेल-बोकारो स्टील प्लांट की कुल 15 टीमों ने भाग लिया और नवाचार से जुड़े अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए. इन टीमों ने गुणवत्ता सुधार, कार्यकुशलता वृद्धि, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता से जुड़े विषयों पर अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए जिसके आधार पर बीएसएल की आठ टीमों को पार एक्सीलेंस, पाँच टीमों को एक्सीलेंस तथा दो टीमों को डिस्टिंगुइशड पुरस्कार प्राप्त हुए.
पार एक्सीलेंस पुरस्कार जीतने वाली टीमों में पावर इंजीनियरिंग ब्रिगेड विभाग की टीम जिज्ञासा, ईटीएल विभाग की टीम शक्ति, चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएँ विभाग की टीम क्षितिज एवं जज़्बा, सीओ एंड सीसी विभाग की टीम प्रगति, ड्रीम और परिवर्तन तथा ट्रैफिक विभाग की टीम सृजन ज्योति शामिल हैं.
एक्सीलेंस पुरस्कार जीतने वाली टीमों में हॉट स्ट्रिप मिल विभाग की टीम रेडियन्स, कोल्ड रोलिंग मिल -3 की टीम सक्षम एवं स्पार्क, डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क विभाग की टीम ग्रीन पावर तथा चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएँ विभाग की टीम तेज शामिल हैं. इसके अलावा बीएसएल के सीआरएम-1 एंड 2 की टीम सुचिता तथा सीओ एंड सीसी विभाग की टीम उत्कल ने भी डिस्टिंगुइशड पुरस्कार प्राप्त किए. उल्लेखनीय है कि 5एस के 12वें राष्ट्रीय वार्षिक अधिवेशन के दौरान गुणवत्ता प्रबंधन, नवाचार एवं सतत सुधार की संस्कृति को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया. प्रतिभागियों ने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से संगठनात्मक विकास एवं कार्यस्थल उत्कृष्टता की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया.
