प्रयागराज । महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह द्वारा आज दिनांक 06 मई 2026 को दादरी–टूंडला रेलखंड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल, सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिवम शर्मा, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर चतुर्थ अभिलय कुमार, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक गति शक्ति यूनिट दीपक भारद्वाज सहित मंडल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम दादरी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त रेल लाइनों के निर्माण, अधिक ट्रेनों के संचालन तथा उनके अनुरक्षण (मेंटेनेंस) हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं एवं योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों के साथ दादरी स्टेशन पर ट्रेनों के बढ़ते परिचालन एवं मेंटेनेंस सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श भी किया।

निरीक्षण के क्रम को आगे बढ़ाते हुए महाप्रबंधक ने खुर्जा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। ज्ञात हो कि खुर्जा स्टेशन का विकास अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। महाप्रबंधक ने यहां चल रहे विकास कार्यों का गहनता से निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने निर्देशित किया कि प्लेटफार्म का अधिकतम हिस्सा यात्रियों की सुविधा एवं आवागमन हेतु खुला एवं व्यवस्थित रखा जाए तथा विभिन्न एस्टेब्लिशमेंट एवं अन्य संरचनाओं को प्लेटफार्म के पीछे की ओर विकसित किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों एवं स्वीकृत योजना के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं, परिचालन क्षमता एवं आधारभूत संरचना के विकास से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में बढ़ते रेल यातायात की आवश्यकताओं को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
महाप्रबंधक ने अलीगढ़ रेलवे स्टेशन का भी विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा भविष्य में बढ़ती यात्री एवं परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन विस्तार से संबंधित संभावनाओं एवं योजनाओं की गहन समीक्षा की।
श्री सिंह ने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ आधारभूत संरचना के विकास एवं स्टेशन विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्टेशन विस्तार की व्यापक एवं सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा परिचालन क्षमता में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वर्तमान गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए यात्रियों की सुविधा हेतु स्टेशनों पर उपलब्ध वाटर कूलर एवं वाटर वेंडिंग मशीनों की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों के लिए पेयजल की समुचित एवं निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में महाप्रबंधक ने अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निःशुल्क शीतल जल उपलब्ध करा रही स्वयंसेवी संस्था मानव उपकार संस्थान के सदस्यों से मुलाकात कर उनके सेवा कार्यों की सराहना की एवं उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही हाथरस रेलवे स्टेशन पर मंदबुद्धि एवं दिव्यांग सशक्तिकरण संस्थान के सदस्यों से भेंट कर उनके सामाजिक योगदान की प्रशंसा की।
