निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए स्कूल-कॉलेजों में होंगी निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं

Spread the love

सोनभद्र। दभारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं निर्वाचन संबंधी गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से ये प्रतियोगिताएं 02 नवम्बर से 20 नवम्बर, 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा। निबंध प्रतियोगिता के लिए शुद्ध मतदाता सूची का महत्व एवं मतदान का महत्व विषय निर्धारित किए गए हैं। विद्यालय स्तर पर निबंध लेखन के लिए 500 एवं 800 शब्द तथा महाविद्यालय स्तर पर 800 एवं 1200 शब्दों की सीमा निर्धारित की गई है। प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में निबंध प्रस्तुत कर सकेंगे।इसी क्रम में आयोजित होने वाली क्विज प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन वीवीपैट , मतदान प्रक्रिया एवं मतगणना से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 50 प्रश्नों का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया है। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए प्रश्नों का हिंदी अनुवाद भी उपयोग किया जा सकेगा।
 प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही आयोजन से संबंधित फोटोग्राफ एवं वीडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समयावधि में प्रतियोगिताओं का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता कराई जाए। प्रतियोगिताओं के आयोजन से संबंधित सूचना 23 नवम्बर, 2026 तक निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *