किशोरियों की सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एपीसीपीएल पावर प्लांट में निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण शिविर का आयोजन

Spread the love

झज्जर । ज़िले के झाड़ली गाँव स्थित एपीसीपीएल पावर प्लांट में किशोरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यहां 04 – 09 मई 2026 तक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्लांट परिसर स्थित एपीसीपीएल अस्पताल में लगाया गया है, जहां 9 से 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। 

बता दें पूरे झज्जर जिले में एचपीवी टीकाकरण एपीसीपीएल के  नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत करवाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर लेकिन रोकी जा सकने वाली बीमारी से बचाव करना है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इस आयु वर्ग में टीकाकरण सबसे प्रभावी माना जाता है, क्योंकि समय रहते दिया गया टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है। इस अभियान को हिन्दुस्तान लेटेक्स फैमिली प्लानिंग प्रमोशन ट्रस्ट (एचएलएफपीपीटी) के सहयोग से झज्जर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बहु के माध्यम से किया जा रहा है। 

 दिलीप कईर्बोत्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एपीसीपीएल) ने इस पहल पर कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के स्वास्थ्य और भविष्य को सुरक्षित बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। एचपीवी टीकाकरण के जरिए हम अपनी बेटियों को एक गंभीर लेकिन रोकी जा सकने वाली बीमारी से सुरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ और सशक्त भविष्य की दिशा में हमारा एक प्रयास है।”  

झाड़ली के आसपास के गांवों में रहने वाली बालिकाएं एपीसीपीएल अस्पताल पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठा सकती हैं। खास बात यह है कि बाजार में लगभग 10 हजार रुपये की लागत वाला यह टीका पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।चिकित्सकों ने स्पष्ट किया है कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है, इससे न तो कोई गंभीर दुष्प्रभाव होता है और न ही इसका भविष्य में निःसंतानता से कोई संबंध पाया गया है। एपीसीपीएल का यह प्रयास झज्जर जिले में किशोरियों के बेहतर और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में इस तरह की पहल न केवल जागरूकता बढ़ाने में मददगार है, बल्कि समाज के प्रति उद्योगों की जिम्मेदारी को भी रेखांकित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *