मंत्री नंदी ने दिवाली पर बांटी खुशियां : झुग्गी – झोपड़ियों, मलिन बस्तियों में रहने वाले 750 परिवारों के 2779 बच्चों को कराई शॉपिंग

Spread the love

*हर किसी के जीवन में खुशियां आए बस यही प्रयास है: नन्दी*

*हर घर रोशनी हर घर दीपावली अभियान के तहत पिछले पंद्रह वर्षों से मनाते चले आ रहे हैं दीपावली*

  लखनऊ । वर्ष 2005 से लगातार दीपावली के अवसर पर अपने प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मलिन बस्तियों एवं झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों के बीच ‘हर घर रोशनी, हर घर दीपावली’ अभियान के तहत खुशियां बांटने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने इस वर्ष भी दीपावली का त्यौहार मनाया। प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के 750 परिवारों के करीब 2779 लोगों को दीपावली की खरीददारी कराई।

उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने दीपावली के मौके पर एक बार फिर बड़ा दिल दिखाया। अपने ‘हर घर रोशनी, हर घर दीपावली’ अभियान के तहत उन्होंने प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की दलित बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले 2779 बच्चों के लिए दीपोत्सव को यादगार बनाया। बच्चों को उनकी पसंद के कपड़े और जूते खरीदने का मौका दिया गया, जिसमें कोई बजट या बिल की सीमा नहीं थी। इस अनूठे आयोजन ने गरीब बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।

*ई-रिक्शा से मॉल तक का सफर*

गुरुवार को प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के 750 परिवारों से 2779 बच्चे और उनके अभिभावक 122 ई-रिक्शा के जरिए सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पहुंचे। वहां कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल नन्दी ने बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मंत्री स्वयं बच्चों के साथ ई-रिक्शा पर सवार होकर सिटी कार्ट मॉल पहुंचे। मॉल में बच्चों को उनकी पसंद के कपड़े और जूते चुनने की पूरी छूट दी गई।

*बच्चों की मनपसंद खरीदारी*

मंत्री नंद गोपाल नंदी ने खुद मॉल में बच्चों के लिए कपड़े और जूते पसंद किए और उनकी पसंद के अनुसार सामान निकलवाया। बच्चों को यह निर्देश दिया गया कि वे बिना बजट या बिल की चिंता किए अपने मनपसंद कपड़े और जूते चुनें। बच्चों ने उत्साह के साथ रंग-बिरंगे कपड़े और जूते खरीदे। दलित बस्तियों और झुग्गी-झोपड़ियों के बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। उनकी चहक और उत्साह ने पूरे मॉल का माहौल उत्सवी बना दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल नन्दी ने कहा कि दीपावली के मौके पर गरीब परिवारों के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर उन्हें सच्ची खुशी मिलती है। उन्होंने कहा, गरीब हो या अमीर, हर किसी को त्योहार मनाने का हक है। अगर ईश्वर ने हमें किसी की मदद करने और उनके घरों में खुशियां लाने की काबिलियत दी है, तो हमें यह जरूर करना चाहिए। मंत्री नन्दी ने बताया कि वे हर साल इस तरह के आयोजन के जरिए गरीब बच्चों के साथ दीपोत्सव मनाते हैं और उनके जीवन में खुशियां लाने की कोशिश करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *