अहरौरा, मिर्जापुर। बनस्थली स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विधायक निधि से निर्मित कक्ष का रविवार को पूर्व मंत्री एवं विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि मड़िहान विधानसभा में युवाओं को बेहतर शिक्षा के लिए जहां भी विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष की आवश्यकता होगी वहां विधायक निधि से सहयोग के लिए उनके दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता एवं सुविधाओं में निरंतर सुधार हुआ है।
अहरौरा नगर की बिजली व्यवस्था में भी व्यापक सुधार किया गया है। विधायक बनने के बाद अहरौरा में 132 केवीए का पावर हाउस बनवाकर विद्युत समस्या का समाधान कराया गया। इसके साथ ही नगर पालिका में बजट उपलब्ध कराकर नाली एवं सीसी रोड सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक संजय भाई पटेल,अध्यक्ष ओमप्रकाश तुलस्यान, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर , अमित पांडेय ,कृष्णा तिवारी , बिनोद पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
