चौरी के चारों तरफ लगी भीड़ पूलिस को भीड़ कंट्रोल करने में करनी पड़ रही है परिश्रम
अहरौरा, मिर्जापुर। अंतरप्रांतीय स्तर पर लगने वाले तीन दिवसीय बेचूबीर मेले में दूसरे दिन पांच लाख से अधिक आस्थावान बरही गांव में लगने वाले बेचूबीर और बरहिया माई की चौरी पर मत्था टेक रहे हैं वहीं लाखों एकादशी की भोर मनरी बजने और प्रसाद लेने का इंतजार कर रहे हैं। भीड़ इतनी अधिक है की पुलिस वालो को इस ठंड में भी पसीने छूट रहे हैं।
अहरौरा से 14 किलोमीटर पश्चिम बरही गांव में पिछले तीन सौ वर्षो से लगने वाले बेचूबीर के इस मेले में दूर दूर से आस्थावान पुत्र प्राप्ति की इच्छा और भूतप्रेत से छुटकारा की कामना को लेकर पहुंच रहे है और बेचूबीर तथा बरहिया माई की चौरी पर मत्था टेक अपनी अर्जी लगा रहे हैं।
सैकड़ों की संख्या में खेल हबुआ रही है महिलाएं पुरुष भी कर रहे ऊल जलूल हरकत
बेचूबीर बाबा की चौरी के सामने पहुंचे सैकड़ों महिलाएं और पुरुष हांथो में माला फूल अगरबत्ती लेकर खेलते हबुआते नजर आ रहे है और चिल्ला चिल्ला कर भूत प्रेत की छाया को बोल रहे हैं उनके साथ आए लोग बेचूबीर बाबा से प्रेत बाधा की मुक्ति की कामना कर रहे हैं ।
मान्यता है की भूत प्रेत से पीड़ित महिला पुरुष जब बाबा की चौरी के सामने फूल अगरबत्ती लेकर जाता हैं तो खेलने हबुआने लगता है और इसी के बाद उसको प्रेत बाधा से मुक्ति मिल जाती हैं। इसी तरह सुनी गोंद भरने के लिए भी दूर दूर से लोग आते हैं। चौरी पर सैकड़ों महिलाओं पुरुषों गोद में बच्चा लेकर चौरी पर मत्था टेकते देखा जा सकता है। बेचूबीर बाबा के व्यवस्थापक रोशन लाल यादव ने बताया की इस बार धाम पर काफी संख्या में बाबा के श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं को लेकर आए हैं और पुजारी ब्रजभूषण यादव सबकी मनोकामनाओं को पूर्ण करने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और भक्तों को आशीर्वाद दे रहे हैं।
मेले में लगा गंदगी का अंबार
मेले में अत्यधिक भीड़ होने के कारण चारों तरफ गंदगी का अंबार लग गया है लोगों द्वारा उपली पर भोजन बनाने के कारण चारों तरफ धुआं धुआं हो गया है जिसके कारण कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। मेला स्थल पर कोई धर्मशाला इत्यादि ठहरने की व्यवस्था न होने के कारण लोग इस ठंडी में खुले आसमान रात गुजारने को बाध्य हो रहे हैं।
भक्सी नदी और पटपड़ नदी में स्नान करने वालो की भीड़
बेचूबीर बाबा की चौरी पर मत्था टेकने के पूर्व आस्थावान भक्सी नदी और पटपड़ नदी में स्नान कर तब माला फूल अगरबत्ती चुनरी बकरा इत्यादि लेकर चौरी पर पहुंच रहे है। और अपनी मनोकामनाओं को लेकर चौरी पर शीश झुका रहे हैं।
बरहिया माई की चौरी पर भी श्रद्धालुओं की भीड़
बेचूबीर बाबा की चौरी से 500 मीटर पश्चिम बरहिया माई की चौरी स्थिति है बरहिया माई के पुजारी दल सिंगार यादव ने बताया की यह बेचूबीर बाबा की पत्नी है जो बेचूबीर बाबा के निधन के बाद सती हो गई थी और उनकी चौरी यहां पर स्थित है। बरहिया माई की चौरी पर भी लोग पहुंच कर खेलने हबुआने के साथ ही अपनी मनोकामनाओं को लेकर मन्नते मांग रहे हैं और माई को साड़ी सहित नारियल चुनरी माला फूल चढ़ा रहे हैं।
