एनटीपीसी बरौनी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मिली मजबूती

Spread the love

सीआईएसएफ फायर विंग को नई फायर जीप एवं हाई प्रेशर एयर कंप्रेसर समर्पित, बरौनी थर्मल पावर स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह के दौरान आधुनिक उपकरणों का विधिवत उ‌द्घाटन

बरौनी । एनटीपीसी बरौनी ने अपनी अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए सीआईएसएफ यूनिट, एनटीपीसी बरौनी के फायर विंग को एक नई फायर जीप एवं हाई प्रेशर एयर कंप्रेसर उपलब्ध कराया है। शनिवार को बरौनी थर्मल पावर स्टेशन परिसर में आयोजित एक समारोह के दौरान इन आधुनिक उपकरणों का विधिवत उ‌द्घाटन कर इन्हें सीआईएसएफ फायर विंग को समर्पित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात एनटीपीसी एवं सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में “CISF Fire Jeep BTPS (B)” नामक नई फायर जीप का उ‌द्घाटन एवं हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

टाटा निर्मित यह नई फायर जीप आधुनिक अग्निशमन उपकरणों से सुसज्जित है। इसमें कंट्रोल पैनल, प्रेशर गेज, होज रील, डिलीवरी होज व्यवस्था तथा उच्च क्षमता वाली एलईडी सर्च लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसकी पंप क्षमता 100 किलोग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर दबाव पर 38 लीटर प्रति मिनट है तथा जलधारा की पहुंच लगभग 12 मीटर तक है। 60 मीटर की संयुक्त लंबाई वाले दो हाई प्रेशर होज से सुसज्जित यह वाहन संयंत्र परिसर के संकरे एवं दुर्गम स्थानों पर भी त्वरित पहुंच बनाकर अग्निशमन कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायक होगा।

फायर जीप के साथ उपलब्ध कराए गए हाई प्रेशर एयर कंप्रेसर की मदद से ब्रीदिंग अपरेटस (बीए) सेट के सिलेंडरों में शीघ्रता से हवा भरी जा सकेगी। इससे अग्निशमन कर्मियों की परिचालन तत्परता बढ़ेगी तथा धुएं और विषैले वातावरण में अग्निशमन एवं बचाव कार्यों के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट एवं फायर विंग प्रभारी श्री भास्कर दास ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को नए उपकरणों की तकनीकी विशेषताओं एवं कार्यक्षमता की जानकारी दी। समारोह को संबोधित करते हुए सीआईएसएफ के उप कमांडेंट श्री आकाश सक्सेना ने कहा कि इन आधुनिक उपकरणों के शामिल होने से फायर विंग की तैयारियों एवं

कार्यक्षमता में और वृद्धि होगी। इससे अग्निशमन, बचाव एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। नई फायर जीप को एनटीपीसी बरौनी के महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम) श्री अभय कुमार दुबे तथा सीआईएसएफ के उप कमांडेंट श्री आकाश सक्सेना ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही यह वाहन फायर विंग के परिचालन बेड़े में शामिल हो गया।

इस अवसर पर  अभय कुमार दुबे, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम);  आकाश सक्सेना, उप कमांडेंट, सीआईएसएफ,  भास्कर दास, सहायक कमांडेंट एवं फायर विंग प्रभारी, सीआईएसएफ,  रोशन डुंगडुंग, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन),  हितेश रस्तोगी, अपर महाप्रबंधक (सेफ्टी),  सुशील चंद्र भोई, अपर महाप्रबंधक (एमएमडी),  अर्नब मुखर्जी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन);  अपूर्व त्रिपाठी, उप महाप्रबंधक (एमएमडी);  राजीव रंजन, वरिष्ठ प्रबंधक (एमएमडी) सहित एनटीपीसी एवं सीआईएसएफ के अन्य अधिकारी तथा फायर विंग के जवान उपस्थित रहे। यह पहल एनटीपीसी बरौनी की औ‌द्योगिक सुरक्षा को सुदृढ करने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने तथा संयंत्र परिसर में सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *