बेगूसराय।एनटीपीसी बरौनी को ऐपेक्स इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित 10वें एपेक्स इंडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2025 में प्लेटिनम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गोवा में आयोजित समारोह के दौरान प्राप्त हुआ।
यह पुरस्कार ग्रामीण समुदायों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने हेतु संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) जैसी प्रभावशाली एवं सतत पहलों के लिए प्रदान किया गया।
पृथ्वी राज, कार्यपालक (सीएसआर),ने एनटीपीसी बरौनी की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया।
एनटीपीसी बरौनी की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और स्वास्थ्य जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक जांच एवं दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से प्रतिमाह लगभग 2,000 लाभार्थी लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण समुदायों को स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हो रही हैं।
यह पुरस्कार समुदाय के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति एनटीपीसी बरौनी की निरंतर प्रतिबद्धता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में किए जा रहे सार्थक प्रयासों को रेखांकित करता है।
बरौनी परियोजना प्रमुख,जयदीप घोष ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान संगठन की समाज के प्रति प्रतिबद्धता और सामुदायिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी एनटीपीसी बरौनी समाज के कल्याण एवं सतत विकास की दिशा में इसी प्रकार कार्य करता रहेगा।
