प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा भारतीय रेल विद्युत इंजीनियरिंग संस्थान (IRIEEN), नासिक में 16 से 20 नवम्बर 2026 तक पाँच दिवसीय 143वें प्रबंधन विकास कार्यक्रम (Management Development Programme–MDP) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिनांक 16 नवम्बर 2026 को संस्थान के महानिदेशक यतेंद्र कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रेलवे के पर्यवेक्षकों की प्रबंधकीय दक्षता, प्रशासनिक क्षमता, व्यावसायिक ज्ञान एवं नेतृत्व कौशल का संवर्धन करने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक प्रबंधन पद्धतियों, नवीन तकनीकों, नवाचारों एवं समसामयिक प्रशासनिक चुनौतियों से परिचित कराना था, ताकि वे संगठनात्मक उद्देश्यों की प्राप्ति में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।
पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेल एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से आमंत्रित विषय-विशेषज्ञों द्वारा प्रबंधन, प्रशासन, वित्त, कार्मिक, स्वास्थ्य, सतर्कता, साइबर सुरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक एवं संवादपरक व्याख्यान प्रस्तुत किए – आदेश कुमार मिश्रा, सहायक कार्मिक अधिकारी (APO), झाँसी – रेलवे सेवा एवं आचरण नियम (Railway Services & Conduct Rules)। डॉ. ऐश्वर्य धर्माधिकारी, चिकित्सा निदेशक एवं विशेष आमंत्रित वक्ता – जीवनशैली एवं उससे संबंधित रोग (Lifestyle & Diseases)। प्रफुल्ल प्रभाकर शोले, सेवानिवृत्त वरिष्ठ अनुदेशक, IRIEEN – ऊर्जा संरक्षण (Energy Conservation)। श्री अंकित सक्सेना, प्रोफेसर, IRIEEN, नासिक – भंडार प्रबंधन (Store Management)। मृत्युंजय कुमार, वरिष्ठ सहायक वित्त सलाहकार (Sr. AFA), CSTM, मध्य रेलवे – वित्तीय प्रबंधन (Financial Management)। दिलीप खरात, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (Sr. DPO), भुसावल – संवर्ग प्रबंधन, चयन एवं पदोन्नति (Cadre Selection & Promotion)। अंकित सक्सेना, प्रोफेसर, IRIEEN, नासिक – सतर्कता एवं प्रशासनिक पारदर्शिता (Vigilance)। यतिन मजूमदार, विशेष आमंत्रित वक्ता – जीवन प्रबंधन (Life Management)। ब्रह्माकुमारी गोदावरी दीदी, विशेष आमंत्रित वक्ता – ध्यान एवं तनाव प्रबंधन (Meditation & Stress Management)। देवेन्द्र विश्वकर्मा, वरिष्ठ अनुदेशक, IRIEEN – साइबर सुरक्षा (Cyber Security) (09:30 से 11:30 बजे तक)। सुश्री गार्गी उमराव, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक (Sr. DFM), आगरा – गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM)।
सभी विषय-विशेषज्ञों ने अपने व्यापक अनुभव, व्यावसायिक ज्ञान एवं विषयगत विशेषज्ञता के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण सत्रों में व्यावहारिक उदाहरणों, प्रशासनिक अनुभवों, आधुनिक प्रबंधन तकनीकों एवं सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर विशेष बल दिया गया। इन सत्रों से प्रतिभागियों को प्रभावी निर्णय लेने, प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने, संसाधनों का समुचित उपयोग करने तथा कार्यस्थल पर जवाबदेही एवं कार्यकुशलता बढ़ाने की प्रेरणा मिली। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सत्रों के अतिरिक्त रचनात्मक एवं सामूहिक गतिविधियों का भी समावेश किया गया। प्रतिभागियों को नासिक एवं उसके आसपास के प्रमुख दर्शनीय एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया।
इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को आपसी संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान, टीम भावना, पारस्परिक समन्वय एवं सामूहिक सहभागिता को सुदृढ़ करने का अवसर प्राप्त हुआ। साथ ही, इस भ्रमण ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को अधिक रोचक, प्रेरणादायी एवं अनुभव परक बनाया। इस कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज तथा प्रयागराज, झाँसी एवं आगरा मंडलों सहित झाँसी एवं सिथौली कारखानों से आए विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षकों ने उत्साहपूर्वक सक्रिय सहभागिता की। उक्त कार्यक्रम का आयोजन अरविंद कुमार नौटियाल, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
