अन्नदाताओं पर लगातार तीन साल से धान की सीजन में नाराज हो जा रहे इंद्रदेव
शाहगंज, सोनभद्र। किसानों पर बारिश एक बार फिर आफत बनकर आ गयी है। इससे धान को चुन्नुसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इसको लेकर अन्नदाताओं के चेहरे पर चिंता की लकीरे खिंचने लगी है। इनका मन मामूस नजर आने लगा है। आखिर इन्द्रदेव धान के ही सीजन में क्यों रूठ जा रहे हैं यह किसानों के समझ में नहीं आ रहा है। बारिश की तबाही से ये उबर नहीं पा रहे हैं और कर्ज के बोझ तले दबे ही रह जा रहे हैं।
इस सम्बन्ध में घोरावल तहसील क्षेत्रान्तर्गत मराची गांव के किसान बसनु ओड्हथा के बालकिसुन चौधरी, ढुटेर के रघुनाथ प्रसाद, रामजीत मौर्य, मोलन सिंह आदि का कहना है कि धान कटाई के ही वक्त लगातार तीन साल से बरसात होने के कारण किसानों के उपज को काफी क्षति पहुंचने से खेती घाटे का सौदा साबित हो जा रही है। महंगे खाद, बीज कीटनाशक दवा, जुताई के साथ ही मजदूरी की लागत निकालना मुश्किल हो जा रहा है। फसल क्षतिपूर्ति पर सरकार विशेष ध्यान नहीं दे रही है। अगर इसका लाभ मिल भी पा रहा है तो केवल बीमा कराने वाले कृषकों को है। शेष किसान निराश हो जा रहे हैं।
बताते चलें कि इन दिनों धान फसल की कटाई और मड़ाई जोरों पर चल रही है। खेतों और खलिहानों में धान के बोझ पड़े हुए हैं। तमाम किसानों की फसल कटाई के लिए खेतों में अभी खड़ी है। इसी बीच शनिवार को मौसम का मिजाज एक बार पुनः बिगड़ गया और शुरु हो गयी बरसात। खेतों में पानी जम गया और भीग गये धान के बोझ । किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ और नहीं खिली धूप तो पिछले वर्ष की तरह अबकी भी धान को अधिक नुकसान पहुँच सकता है। शनिवार को आसमान में बादल छाये रहे और रुक-रुक कर बारिश भी हो रही थी।
