बेमौसम बारिश ने किसानों की तोड़ी कमर, धान की फसल पर संकट

Spread the love

करमा,सोनभद्र। मौसम के अचानक बदले मिजाज और लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र में  शनिवार को लगातार हो रही बूंदाबांदी से धान की फसल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल से लेकर कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल तक बारिश की मार झेल रही है। इससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
बारिश के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल की कटाई प्रभावित हो गई है, वहीं हार्वेस्टिंग मशीनों का संचालन भी बाधित हो रहा है। खेतों में कटकर पड़ी धान की फसल लगातार भीगने से खराब होने की आशंका बढ़ गई है। कई स्थानों पर खेतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे फसल के सड़ने और दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। 
किसानों की मांग है कि प्रशासन बारिश से प्रभावित कृषि क्षेत्र का तत्काल सर्वे कराकर फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराए तथा पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे अन्नदाताओं को कुछ राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *