झज्जर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एपीसीपीएल पॉवर प्लांट में ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बेकार और अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं से उपयोगी एवं आकर्षक उत्पाद तैयार कर प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
इस वर्ष ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के साथ चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना और इसे हर व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी बनाना है। अभियान में स्वच्छता के साथ-साथ कचरे के बेहतर प्रबंधन, पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। सखी लेडीज क्लब की सदस्यों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए घरेलू उपयोग की वस्तुओं से लेकर सजावटी सामग्री तक कई तरह की चीजें तैयार कीं। प्रदर्शनी में रखी गई इन कृतियों ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया और यह संदेश दिया कि रचनात्मक सोच से बेकार वस्तुओं को भी उपयोगी रूप दिया जा सकता है।
प्रतियोगिता के माध्यम से पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया गया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने यह भी दिखाया कि रोजमर्रा की जिंदगी में छोटी-छोटी पहल के जरिए कचरे को कम करने और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में कदम बढ़ाए जा सकते हैं। ऐसी पहलें लोगों और समुदायों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ एक स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
