प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ी और उनके विकास एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध – योगी आदित्यनाथ

Spread the love

मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर के वनटांगिया ग्राम जंगल तिकोनिया नम्बर-3 में जनपद के विभिन्न विकास परियोजनाओं के 82 करोड़ रु0 की लागत से 52 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, प्रमाण पत्र आदि का वितरण किया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज दीपावली के अवसर पर आज जनपद गोरखपुर के वनटांगिया ग्राम जंगल तिकोनिया नम्बर-3 में जनपद के विभिन्न विकास परियोजनाओं के 82 करोड़ रुपये की लागत से 52 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, प्रमाण पत्र वितरण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव एवं दीपावली के भव्य आयोजन के बाद वे वनटांगिया गांव के लोगों के साथ दीपावली का पर्व मनाने आया हूं। पर्व और त्यौहारों का वास्तविक अर्थ अपनी खुशियों को दूसरों के साथ साझा करना है। दीपावली हमें आपसी प्रेम, सहयोग, सद्भाव और सामाजिक सहभागिता का संदेश देती है। सभी लोग इस पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा करने के बाद जब अयोध्या लौटे थे, तब पूरे देश ने दीप जलाकर दीपावली का उत्सव मनाया था। भगवान श्रीराम का वनवास 14 वर्षों का था, लेकिन वनटांगिया गांवों के वासियों और उनके पूर्वजों को, अंग्रेजों के शासनकाल से एक सदी से अधिक समय तक उपेक्षा और अभाव का जीवन जीने के लिए विवश होना पड़ा। उत्तर प्रदेश में कुल 56 वनटांगिया गांव थे, जिनका लंबे समय तक किसी ने सुध नहीं ली। वर्ष 1947 में देश आजाद हो गया, लेकिन इन वनवासी गांवों के लोगों को वास्तविक आजादी और बुनियादी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाया। इन गांवों के लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं था। गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, विद्यालय और चिकित्सालय जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं थीं। यहां के लोगों को वर्षों तक अनेक कठिनाइयों और उपेक्षाओं का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा आज सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है और समाधान सुनिश्चित कर रही है। लेकिन वर्ष 2017 के बाद वनटांगिया गांवों के जीवन में आए बदलाव और विकास की रोशनी दीपावली के वास्तविक संदेश को साकार कर रही है। पहले की सरकारें जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए गंभीर नहीं थीं, जबकि आज सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है। पहले बिजली नही आती थी जिससे बच्चों के पढ़ाई करने में बाधा आती थी और वह ढिबरी की रोशनी में पढ़ाई करते थे। आज गांवों में बिजली की सुविधा उपलब्ध है और बच्चें अपना उज्जवल भविष्य साकार कर रहे है। प्रदेश सरकार द्वारा सड़कों के निर्माण तथा सभी बस्तियों में सोलर लाइट की व्यवस्था की गयी है। सरकार ने गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल की बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तब वह जनता को अच्छी सुविधाएं और बेहतर जीवन देने का काम करती है। डबल इंजन की सरकार युवाओं का भविष्य सुरक्षित, गांवों के विकास और प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशहाली लाने के प्रति निरन्तर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले वनटांगिया गांवों में न पेंशन की सुविधा थी, न लोगों के पास मकान थे और न ही एक भी पक्का घर था। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गांवों में न पक्की सड़कें, न विद्यालय, न बिजली और न पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध थी। उस समय इन सभी सवालों का जवाब ना में मिलता था, लेकिन आज इन सभी सवालों का जवाब हां में मिलता है। आज गांवों में पक्की सड़कें हैं, लोगों के पास राशन कार्ड हैं, पक्के मकान हैं, विद्यालय हैं और पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांवों में रहने वाले अधिकांश लोग अति पिछड़ी जातियों, वंचित वर्गों एवं दलित परिवारों से जुड़े हुए हैं। इन परिवारों को वर्ष 2017 से पहले भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती थीं, लेकिन इसके लिए सरकार की इच्छाशक्ति, समय और गरीबों के प्रति संवेदनशीलता आवश्यक थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में उ0प्र0 में विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का नया अध्याय शुरू हुआ है। आज अयोध्या में चैड़ी सड़कें बन रही हैं, बिजली की बेहतर व्यवस्था है, एयरपोर्ट का निर्माण तथा रेलवे के बुनियादी ढांचे का विस्तार हो रहा है और नई रेल लाइनों का विकास किया जा रहा है। प्रदेश की जनता को बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। प्रदेश की जनता एकजुट होकर विकास, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव की इस यात्रा को आगे बढ़ाने में अपना सकारात्मक सहयोग दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौजवानों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। सरकार इन अवसरों से युवाओं को जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। समाज के प्रत्येक वर्ग को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है और उनके विकास एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रजही से जंगल तिनकोनिया नम्बर तीन होते हुए गोरखपुर-पिपराइच मार्ग तक लगभग साढ़े चार किलोमीटर लंबे मार्ग पर इंटरलॉकिंग का कार्य हेतु लगभग तीन करोड़ 65 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। इस परियोजना से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम को सांसद रवि किशन शुक्ल ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *