ग्रासिम इंडस्ट्रीज रेनुकूट इकाई में पाँच दिवसीय गणेशोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न

Spread the love

रेणुकूट। ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेनुकूट इकाई में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पाँच दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन पूरे श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। पाँचों दिनों में अलग-अलग धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कर्मचारियों उनके परिवारों तथा स्थानीय समुदाय ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रथम दिवस भगवान श्री गणेश की विधिवत स्थापना एवं पूजन के साथ गणेशोत्सव का शुभारंभ हुआ। गणपति बप्पा की आरती एवं भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। द्वितीय दिवस पर सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। भक्तिमय संगीत और सामूहिक सहभागिता ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। तृतीय एवं चतुर्थ दिवस पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भजन कीर्तन एवं सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। कर्मचारियों एवं स्थानीय समुदाय की भागीदारी ने उत्सव में उत्साह और उमंग को और बढ़ाया।

पंचम दिवस पर गणेशोत्सव का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर गणपति बप्पा की पूजा अर्चना एवं दर्शन के पश्चात ग्रासिम रेनुकूट कॉलोनी में भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा एवं कॉलोनी परिक्रमा निकाली गई। भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ नाच-गाने, भजन एवं जयघोष के बीच बप्पा को विदाई दी। इसके पश्चात रिहंद नदी में विधि-विधान एवं भक्तिमय वातावरण के बीच गणपति विसर्जन किया गया।

विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बप्पा को विदाई देते हुए “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष लगाए तथा सभी के सुख, शांति, समृद्धि और ग्रासिम रेनुकूट की निरंतर प्रगति की कामना की। पाँच दिवसीय यह गणेश महोत्सव आस्था, संस्कृति, सेवा, सामूहिक सहभागिता एवं आपसी सौहार्द का सुंदर संगम रहा और गणपति बप्पा के आशीर्वाद के साथ भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। गणपति बप्पा मोरया। मंगल मूर्ति मोरया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *