मुख्यमंत्री ने अयोध्या में 10वें दीपोत्सव पर रामलीला कार्यक्रम में देश-विदेश के कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों के प्रमुखों को किया सम्मानित

Spread the love

 पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित दीपोत्सव प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया

केरल के दल प्रमुख ने मुख्यमंत्री जी को अपनी संस्कृति के प्रतीक चिह्न भेंट किये

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10वें दीपोत्सव के पावन अवसर पर शनिवार देर रात अयोध्या के रामकथा पार्क में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में सांस्कृतिक मंच से देश-विदेश के रामलीला कलाकारों, सांस्कृतिक दल प्रमुखों और पर्यटन विभाग की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने मंच पर उपस्थित होकर विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए सांस्कृतिक दलों के मुखियाओं को स्मृति चिह्न भेंट कर उनकी कला और योगदान को सम्मानित किया। सम्मान की इसी कड़ी में सर्वप्रथम असम के प्रख्यात दल प्रमुख एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार विजेता डॉ० यादव बड़ा तथा उषा रानी वैश्य जी को सम्मानित किया गया। असम के कलाकारों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक के रूप में मुख्यमंत्री जी को पारंपरिक स्मृति चिह्न भेंट किया। इसके पश्चात अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के क्रम में लाओस की दल प्रमुख सुश्री एनोलिन को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। श्रीलंका की दल प्रमुख श्रीमती उमा श्रीधरन जी को उनकी टीम द्वारा हनुमंत लाल पर आधारित उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।
अयोध्या की मैदानी रामलीला के दल प्रमुख मनोज जायसवाल तथा धीरज द्विवेदी को मुख्यमंत्री द्वारा मंच से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, केरल के सांस्कृतिक दल प्रमुख ईश्वर करुण तथा पश्चिम बंगाल के दल प्रमुख बंशीनाथ डकवा को भी सम्मानित किया गया। केरल के दल प्रमुख ईश्वर करुण ने भी मुख्यमंत्री को अपने राज्य की संस्कृति का प्रतीक चिह्न सप्रेम भेंट किया। वहीं सुदूर दक्षिण अफ्रीका से पधारीं सुश्री शशिका मुरुत को उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए अत्यंत मधुर एवं भावपूर्ण श्रीराम भजनों के लिए सम्मानित किया गया।
दीपोत्सव-2026 के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा युवाओं और विद्यार्थियों के लिए आयोजित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मुख्यमंत्री द्वारा मंच पर पुरस्कृत किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता की विजेता अंशिका मिश्रा एवं माही वर्मा तथा रील मेकिंग प्रतियोगिता के विजेता अनुष्का शुक्ला एवं उद्धव राय को मुख्यमंत्री ने स्मृति चिह्न व पुरस्कार प्रदान कर उनकी प्रतिभा का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *