विलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम द्वारा अपने नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत ग्राम पंचायत बटवाड़ा, जिला मंडी में 27 अक्टूबर को चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 161 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।एनटीपीसी कोलडैम के धन्वन्तरी अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ राम कृष्ण एवं डॉ विवेक नौटियाल एवं उनकी टीम द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं दंत परीक्षण सहित सामान्य स्वास्थ्य जाँच की गई। चिकित्सकों द्वारा जाँच के उपरांत आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया तथा मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई।
इस अवसर पर उपप्रधान नंदलाल तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रामलाल उपस्थित रहे। उन्होंने एनटीपीसी कोलडैम द्वारा आयोजित इस चिकित्सा शिविर की सराहना की। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने भी एनटीपीसी कोलडैम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। एनटीपीसी कोलडैम की ओर से शिविर के सफल एवं सुचारु आयोजन में प्रमोद कुमार अधिकारी (सीएसआर) सहित सीएसआर एवं मेडिकल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
