एनटीपीसी फरक्का ने गांवों और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाया सतर्कता जागरूकता एवं सत्यनिष्ठा का संदेश

Spread the love

फरक्का, पश्चिम बंगाल | एनटीपीसी फरक्का अपने निवारक सतर्कता अभियान के माध्यम से आसपास के गांवों और शिक्षण संस्थानों में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है। 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चलने वाला यह अभियान “समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” की भावना के साथ जनभागीदारी को प्रोत्साहित कर रहा है।

अभियान में ग्रामीण समुदायों की सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया है। बेवा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने 27 अगस्त को सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर नैतिक आचरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं, 5 अक्टूबर को तिलडांगा ग्राम पंचायत सामुदायिक केंद्र में ग्राम सभा एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों तक सरल एवं प्रभावी ढंग से ईमानदारी का संदेश पहुंचाने और भ्रष्टाचार की रोकथाम में उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया गया।

युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए 9 सितंबर को आमतला हाई स्कूल, 16 सितंबर को साउथ मालदा कॉलेज और 22 सितंबर को सैयद नुरुल हसन कॉलेज, फरक्का में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। डीपीएस फरक्का में 28 सितंबर को विद्यार्थियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली तथा सीवीसी के नेत्र प्रतीक के रूप में मानव संरचना का निर्माण किया। केंद्रीय विद्यालय फरक्का में भी सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण आयोजित हुआ। जीकेसीआईईटी, मालदा में 14 अक्टूबर को आयोजित भाषण प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को सहभागिता का अवसर दिया।

इसके अतिरिक्त, 25 अगस्त को बालिका सशक्तीकरण अभियान 2026 की चयनित प्रतिभागियों के साथ संवाद किया गया। कार्यस्थल पर परिचालन अधिकारियों के साथ अनौपचारिक संवाद, भंडार विभाग के कर्मचारियों/कामगारों के लिए जागरूकता वार्ता तथा आचरण नियमों एवं हितों के टकराव पर सत्र आयोजित किए गए। ग्राम सभाओं, नुक्कड़ नाटकों, शपथ और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से एनटीपीसी फरक्का सतर्कता जागरूकता का संदेश जनसामान्य तक पहुंचा रहा है। ये प्रयास दैनिक जीवन में ईमानदारी अपनाने तथा सतर्कता जागरूकता अभियान की भावना के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचारमुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *