झज्जर।सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए झाड़ली स्थित एपीसीपीएल पॉवर प्लांट को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान राज्य की स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती राव की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान एपीसीपीएल ने अपनी नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत सिविल अस्पताल, झज्जर में स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन हेतु महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस सहयोग के तहत अस्पताल को लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सेट, पोर्टेबल डिजिटल रेडियोग्राफी सिस्टम, डिफिब्रिलेटर सहित अन्य आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए।
इन उपकरणों के उपयोग से अस्पताल की जांच एवं शल्य चिकित्सा संबंधी क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे मरीजों को समय पर बेहतर जांच और उपचार की सुविधा मिल रही है, वहीं झज्जर तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता भी सुदृढ़ हुई है।
हरियाणा सरकार द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान समाज के प्रति पॉवर प्लांट की प्रतिबद्धता और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी का परिचायक है। कंपनी का मानना है कि विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ समाज के हर एक व्यक्ति तक पहुंचे और बुनियादी सेवाएं अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनें।
समारोह में एपीसीपीएल की ओर से अरुण कुमार, मुख्य वित्त अधिकारी (एपीसीपीएल), अतुल कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक (अनुरक्षण), तथा राकेश बिष्ट, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने यह सम्मान ग्रहण किया।
एपीसीपीएल पॉवर प्लांट द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर किए जा रहे प्रयास क्षेत्र के सामाजिक विकास को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत बनाने की यह पहल भी इसी निरंतर प्रयास का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में हजारों लोगों को मिलेगा।
