योग केवल व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवन जीने की एक समग्र जीवनशैली है – ई. प्रभाकर राव

Spread the love

एनटीपीसी सिंगरौली में मनाया गया 12वां “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली, शक्तिनगर में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली के आवासीय परिसर स्थित डॉ. अंबेडकर भवन में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक योग प्रशिक्षक संजीव कुमार, उपमहाप्रबंधक (ऐश डाइक प्रबंधन) द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ई प्रभाकर राव, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली ने अपने संबोधन में कहा कि, “इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ हमें यह संदेश देती है कि योग केवल व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवन जीने की एक समग्र जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से शांत एवं भावनात्मक रूप से संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग की विशेषता यह है कि यह जीवन के प्रत्येक चरण में स्वास्थ्य संवर्धन का प्रभावी साधन है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाएं तथा इसके लाभों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने में योगदान दें।”

इस अवसर पर योग प्रशिक्षक द्वारा विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली के  सी.एच. किशोर कुमार,  महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण),  रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना), अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, वनिता समाज की सम्माननीय सदस्याएं, एनटीपीसी कर्मचारियों के परिवार जन, यूनियन एसोसिएशन के मानद प्रतिनिधिगण आदि सम्मिलित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *