सीएसआर पहल के तहत न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन को व्हीलचेयर हस्तांतरण

Spread the love

फरक्का, पश्चिम बंगाल । एनटीपीसी फरक्का ने अपनी नैगमिक सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन को व्हीलचेयर प्रदान कीं। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, अस्वस्थ तथा चिकित्सकीय रूप से संवेदनशील यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है। एनटीपीसी फरक्का की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्राबनी बनर्जी ने मानव संसाधन-सीएसआर विभाग के अधिकारियों तथा न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर की उपस्थिति में व्हीलचेयर सौंीं। स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। इनमें कई यात्रियों को प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और प्रवेश एवं निकास द्वारों के बीच आने-जाने में सहायता की आवश्यकता पड़ती है। व्हीलचेयर की उपलब्धता से ऐसे यात्रियों और उनके परिजनों को तत्काल सहायता मिल सकेगी।

इस अवसर पर डॉ. श्राबनी बनर्जी ने कहा, “आज एनटीपीसी फरक्का द्वारा न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन को दो व्हीलचेयर प्रदान की गई हैं। इनका उपयोग जरूरतमंद यात्री कर सकेंगे। एनटीपीसी फरक्का अपनी सीएसआर पहलों के माध्यम से समय-समय पर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराता रहा है। इससे पूर्व स्टेशन को दो बैटरी चालित वाहन भी प्रदान किए गए थे, जिनका नियमित उपयोग किया जा रहा है। अब जिन यात्रियों को आवाजाही में किसी प्रकार की कठिनाई होती है, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।”

रेलवे स्टेशन सार्वजनिक परिवहन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां समावेशी सुविधाओं की उपलब्धता यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाती है। व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सहायता गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा अस्थायी रूप से चलने-फिरने में असमर्थ व्यक्तियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी। यह पहल एनटीपीसी फरक्का की स्थानीय समुदायों और सार्वजनिक संस्थानों के साथ सहभागिता को दर्शाती है। इसके माध्यम से स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ जरूरतमंद लोगों के लिए अधिक संवेदनशील, सुलभ और सुविधाजनक परिवेश विकसित करने में सहयोग मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *