26 विद्यालयों की 130 बालिकाओं ने शुरू की परिवर्तनकारी आवासीय शिक्षण यात्रा
फरक्का, पश्चिम बंगाल | एनटीपीसी फरक्का ने 18 मई 2026 को आरएलआई, पीटीएस में बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 का उद्घाटन किया। यह एक माह का आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, जागरूकता, आत्मविश्वास निर्माण एवं सर्वांगीण विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है। 17 मई से 13 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल एवं झारखंड के मुर्शिदाबाद, मालदा एवं साहिबगंज जिलों के 26 विद्यालयों की 130 बालिकाएँ भाग ले रही हैं।

इस आवासीय कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को शैक्षणिक अध्ययन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, आत्मरक्षा, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा शैक्षणिक भ्रमण से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एनटीपीसी लिमिटेड के निदेशक (वित्त)जयकुमार श्रीनिवासन थे। इस अवसर पर सुनीता जयकुमार श्रीनिवासन, वरिष्ठ सदस्या, संयुक्ता महिला समिति,एनटीपीसी लिमिटेड, नई दिल्ली; देबब्रत कर,परियोजना प्रमुख,एनटीपीसी फरक्का; एवं सौम्या कर,अध्यक्षा,उदिता लेडीज़ क्लब,एनटीपीसी फरक्का विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाल भवन के विद्यार्थियों द्वारा गणेश वंदना से हुआ, जिसके पश्चात एनटीपीसी फरक्का के मानव संसाधन प्रमुख आलोक कुमार रणबीर ने स्वागत संबोधन एवं बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने महिला सशक्तिकरण,समावेशी विकास एवं सामुदायिक उत्थान हेतु एनटीपीसी फरक्का की निरंतर प्रतिबद्धता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व संबंधी पहलों पर प्रकाश डाला।

पूर्व बालिका सशक्तिकरण अभियान की प्रतिभागी दिल्ली पब्लिक स्कूल की कक्षा 7 की छात्रा नाज़िया एवं कक्षा 8 की छात्रा सिरिन ने अपने अनुभव साझा करते हुए नई प्रतिभागियों को आत्मविश्वास एवं विकास की प्रेरणादायी कहानियों से प्रेरित किया।
समारोह के दौरान वर्ष 2025 के बालिका सशक्तिकरण अभियान की प्रेरणादायी यात्रा एवं सफलता की कहानियों पर आधारित एक चलचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। बाल भवन, दिल्ली पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, आशा कल्याण संस्था एवं उदिता लेडीज़ क्लब द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को जीवंत बनाया तथा महिला सशक्तिकरण की भावना को प्रभावशाली रूप से प्रदर्शित किया।
समारोह में गणमान्य अतिथियों के मध्य स्मृति-चिह्नों का आदान-प्रदान भी किया गया, जो बालिका सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।सभा को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख देबब्रत कर ने बालिका सशक्तिकरण अभियान को एनटीपीसी की सबसे प्रभावशाली सामाजिक उत्तरदायित्व पहलों में से एक बताया तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम प्रतिभागी बालिकाओं के जीवन में सार्थक परिवर्तन लाएगा।
एनटीपीसी लिमिटेड के निदेशक (वित्त) जयकुमार श्रीनिवासन ने आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों, मार्गदर्शकों एवं कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बालिकाओं को अवसर एवं मंच प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ साकार कर सकें।
इस अवसर पर राजशेखर पाला, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण);अभाष रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन); आलोक कुमार रणबीर, मानव संसाधन प्रमुख; विजय कुमार, वरिष्ठ समादेष्टा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल; विभागाध्यक्षगण,दिल्ली पब्लिक स्कूल एवं केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य,यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, उदिता लेडीज़ क्लब की सदस्याएँ, कर्मचारीगण, अभिभावक एवं बालिका प्रतिभागी उपस्थित रहे।
समारोह का समापन एनटीपीसी फरक्का के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन)संजीत कुमार सामल द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
“उनके सपनों को नई उड़ान” विषयवस्तु के साथ बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026, बालिका सशक्तिकरण एवं एक उज्ज्वल एवं समावेशी भविष्य के निर्माण के प्रति एनटीपीसी फरक्का की अटूट प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है।
