आलापुर अंबेडकर नगर ग्राम न्यायालय को नया ठिकाना मिलने की जगी उम्मीद

Spread the love

 न्यायिक मजिस्ट्रेट के निरीक्षण से आलापुर तहसील में न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी

आलापुर अंबेडकर नगर। आलापुर तहसील परिसर में स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर कम्युनिटी हॉल को अब ग्राम न्यायालय का अस्थायी ठिकाना बनाए जाने की उम्मीद बढ़ गई है। बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अंबेडकर नगर ने तहसील परिसर पहुंचकर उक्त भवन का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण को ग्राम न्यायालय को तहसील परिसर में स्थानांतरित किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।आलापुर तहसील के अधिवक्ताओं ने बीते दिनों जिलाधिकारी ईशा प्रिया से मुलाकात कर विभिन्न न्यायिक कार्यालयों को व्यवस्थित करने की मांग उठाई थी। अधिवक्ताओं ने मांगपत्र सौंपकर नरियांव ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में संचालित ग्राम न्यायालय को आलापुर तहसील परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल में अस्थायी रूप से स्थानांतरित किए जाने का अनुरोध किया था साथ ही तहसील भवन में संचालित उप निबंधक कार्यालय को उसके नवनिर्मित भवन में स्थापित करने तथा इंदईपुर में संचालित चकबंदी न्यायालय को आलापुर तहसील परिसर में स्थानांतरित किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई थी।ग्राम न्यायालय के स्थायी भवन निर्माण के लिए अभी तक भूमि की तलाश पूरी नहीं हो सकी है इसके चलते ग्राम न्यायालय का संचालन नरियांव ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में किया जा रहा है। यदि कम्युनिटी हॉल में ग्राम न्यायालय को अस्थायी रूप से संचालित करने की अनुमति मिलती है तो तहसील परिसर में न्यायिक कार्यों के संचालन और अधिवक्ताओं को सुविधा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, भवन के उपयोग और स्थानांतरण को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा लिया जाना बाकी है। बुधवार को हुए निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी विकास यादव सहित संबंधित अधिकारी तथा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी और अधिवक्ता सुनीत द्विवेदी,  दिनेश सिंह,ओमकार नाथ मिश्रा, जेपी सिंह,उमाशंकर चतुर्वेदी, जगन्नाथ मिश्रा, अशोक मिश्रा, भूपेन्द्र मिश्रा, महेंद्र मिश्रा,अजय सिंह,राम अचल यादव , योगेन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *