दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय तहसील परिसर में अनदेखी के कारण पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। तहसील परिसर के बाहर बकायदा बोर्ड लगाकर एक स्थान को ‘पार्किंग स्थल तहसील-दुद्धी सोनभद्र’ के रूप में चिह्नित किया गया है, लेकिन वर्तमान में यह स्थल महज एक शो-पीस बनकर रह गया है।पार्किंग स्थल को चारों तरफ से कटीले तारों (फेंसिंग) से घेर दिया गया है, जिसके कारण वाहन चालक अपने वाहनों को इस निर्धारित स्थान के अंदर पार्क नहीं कर पा रहे हैं। इसका नतीजा यह हुआ है कि लोगों ने तहसील परिसर को ही अघोषित स्टैंड बना दिया है।तहसील में अपने कार्यों के सिलसिले में आने वाले फरियादी और आम जनता परिसर के मुख्य रास्तों और कार्यालयों के ठीक सामने बेतरतीब ढंग से दोपहिया और चार पहिया वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। गाड़ियों के इस भारी जमावड़े के कारण परिसर में आवागमन पूरी तरह से बाधित हो रहा है। कभी -कभी तो मजिस्ट्रेट लिखी गाड़ियां भी जाम में फ़स जा रही हैं तो कई बार पैदल चलने वाले लोगों, अधिवक्ताओं और स्वयं तहसील कर्मियों को भी आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र संज्ञान लेकर निर्धारित पार्किंग स्थल को सुचारू रूप से चालू कराया जाए, ताकि परिसर को जाम से मुक्ति मिल सके।
पार्किंग स्थल बना शो-पीस, तहसील परिसर में लगा गाड़ियों का जमावड़ा; आवागमन में भारी परेशानी
