हाजीपुर । स्टेशनों, कार्य स्थलों और रेलवे कॉलोनियों में सुरक्षित, साफ़ और हाइजीनिक पीने के पानी की सुविधा को बेहतर बनाने हेतु सोनपुर मंडल में पानी की क्वालिटी सुधारने के लिए एक स्पेशल ड्राईव चलाया जा रहा है, जिसके तहत पानी के स्टोरेज टैंकों की सफाई, क्लोरीनेशन/डिसइंफेक्शन, पानी की क्वालिटी की मॉनिटरिंग और सोर्स से लेकर नल तक ट्रीटमेंट की ज़रूरतों का रिव्यू किया जा रहा है। पानी के सोर्स से नल तक पानी की क्वालिटी का असेसमेंट किया जा रहा है ताकि उन जगहों की पहचान की जा सके जहां फिल्ट्रेशन या ट्रीटमेंट की आवश्यकता है।
इसी कड़ी में वाटर टैंकों के सफ़ाई हेतु सोनपुर मंडल में 20.08.2026 से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ओवरहेड, अंडरग्राउंड और पीवीसी सहित सभी 3363 पानी के टैंकों की सफाई की जानी है। इनमें से अब तक 1953 पानी के टैंकों को साफ़ और डिसइंफेक्ट किया जा चुका है। बाकी टैंकों पर तेज़ी से काम पूरा करने के लिए कड़ी नज़र रखी जा रही है।
हाजीपुर एवं गढ़हरा में ऑटोमैटिक क्लोरीनीकरण प्लांट कार्य कर रहा है तथा अन्य लोकेशनों पर प्रस्तावित है। साथ ही थाना बिहपुर स्टेशन पर आयरन रिमूवल प्लांट कार्य कर रहा है तथा मानसी, खगड़िया, नवगछिया, गढ़हरा, बेगुसराय एवं बरौनी सहित अन्य स्टेशनों पर आयरन रिमूवल प्लांट स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2.5 लाख गैलन के 01 नये आरसीसी टैंक हाजीपुर में, 01 लाख गैलन के 04 नये आरसीसी टैंक सोनपुर, थाना बिहपुर, गढ़हरा कॉलोनी एवं गढ़हरा स्टोर डिपों में तथा 50 हजार गैलन के 04 नये आरसीसी टैंक सोनपुर, दीघवारा, बछवारा एवं दलसिंहराय में निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। पूर्व मध्य रेल यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को सुरक्षित, साफ़ और भरोसेमंद पीने के पानी की सुविधाएँ देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत सभी मंडलों में लगातार मॉनिटरिंग, बचाव के लिए मेंटेनेंस और समय पर सुधार के कदम उठाए जा रहे हैं।
