किसानों के हित में साय सरकार का ऐतिहासिक निर्णय, अब 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता*
*कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत, लघु-सीमांत एवं जनजातीय अंचलों के किसान होंगे विशेष रूप से लाभान्वित*
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज किसानों के हित में राज्य सरकार के एक महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए घोषणा की कि अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों तथा जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री साय आज रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी किसान कम उत्पादन के कारण शासन की सहायता से वंचित न रहे। छत्तीसगढ़ के अनेक जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों और सिंचाई सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण कृषि उत्पादकता अपेक्षाकृत कम रहती है। ऐसे क्षेत्रों के किसानों के लिए यह निर्णय विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।
*गन्ना किसानों को भी बड़ी राहत, आठ वर्ष पुरानी उपार्जन दर में 70 रुपए की वृद्धि*
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेस वार्ता में गन्ना किसानों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले आठ वर्षों से गन्ने की उपार्जन दर 355 रुपए प्रति क्विंटल थी। हमारी सरकार ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए इसे बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है। इस प्रकार गन्ने की घोषित उपार्जन दर में 70 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।
*जनजातीय गौरव दिवस हमारी गौरवशाली विरासत और बलिदान को नमन करने का अवसर*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इससे देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा।
*जनजातीय समाज के विकास और सम्मान के लिए ऐतिहासिक पहल*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना की। उनके नेतृत्व में ही जनजातीय बहुल छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों का गठन हुआ। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सशक्तीकरण को नई गति मिली है।उन्होंने कहा कि पीएम जनमन अभियान के माध्यम से देश के 75 विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समुदायों के 12 लाख 37 हजार परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत देश के लगभग 63 हजार गांवों के पांच करोड़ से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। छत्तीसगढ़ के 6,691 गांव भी इस अभियान में शामिल हैं।
*तेंदूपत्ता संग्राहकों और वनवासी परिवारों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध सरकार*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के लाखों जनजातीय परिवारों की आजीविका वनोपज पर निर्भर है। हमारी सरकार ने तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर 4,000 रुपए से बढ़ाकर 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा की है। चरणपादुका योजना पुनः प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत वर्ष 2025 में 12 लाख 40 हजार महिला तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरणपादुका वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के लिए किसान कल्याण और जनजातीय विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। धान की आदान सहायता राशि के संबंध में लिया गया नया निर्णय इसी सोच का परिणाम है। हम चाहते हैं कि बस्तर से सरगुजा तक हर किसान और हर जनजातीय परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े तथा समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बने। मुख्यमंत्री श्री साय ने अंत में समस्त प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
