एनटीपीसी नबीनगर कर रही है गाँवों को रोशन

Spread the love

सौर स्ट्रीट लाइटों से जगमगा उठे गाँवः एनटीपीसी नबीनगर ने लगाए 419 सौर स्ट्रीट लाइट

नबीनगर, औरंगाबाद (बिहार): बिहार के औरंगाबाद स्थित एनटीपीसी नबीनगर ने अपनी चरण-।। सामुदायिक विकास योजना के अंतर्गत नबीनगर एवं बारुण प्रखंड की कुल 17 पंचायतों में 419 सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइटों की स्थापना की है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने, सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इन सौर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को लाभ प्राप्त होगा। स्थापित सभी स्ट्रीट लाइटें 40 वाट क्षमता की हैं तथा 100 प्रतिशत स्वच्छ एवं नवीकरणीय सौर ऊर्जा से संचालित होती हैं। इससे न केवल ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित होगा। प्रत्येक स्थान का चयन विस्तृत आवश्यकता-आकलन सर्वेक्षण के आधार पर किया गया, ताकि वास्तविक आवश्यकता वाले क्षेत्रों तक इस सुविधा का लाभ पहुँचाया जा सके।

सौर स्ट्रीट लाइटों के स्थापित होने से ग्रामीणों को रात्रि के समय सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त, बेहतर प्रकाश व्यवस्था से रात्रिकालीन गतिविधियों में वृ‌द्धि होगी तथा गाँवों की प्रमुख सड़कों, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश उपलब्ध होने से दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी, जिससे स्थानीय निवासियों के दैनिक जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार होगा।

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी नबीनगर परियोजना इससे पूर्व भी अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत आसपास के विभिन्न गाँवों में सौर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना कर चुका है। ज्ञातव्य हो कि विद्युत उत्पादन के अतिरिक्त एनटीपीसी नबीनगर अपने नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक विकास नीति के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कौशल विकास एवं आजीविका प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में सतत प्रयासों के माध्यम से एनटीपीसी स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर को सशक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *