स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत प्रयागराज मंडल में 21 एवं 22 सितंबर को विशेष स्वच्छता अभियान

Spread the love

*स्टेशनों, रेलगाड़ियों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष जोर*

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत रेलवे परिसरों, स्टेशनों एवं रेलगाड़ियों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से दिनांक 21 एवं 22 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ पब्लिक’* थीम के तहत विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत प्रयागराज मंडल के सभी स्टेशनों पर विशेष सघन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशनों पर साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। स्टेशनों पर सूखे एवं गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा यात्रियों को कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसरों को प्लास्टिक-मुक्त रखने के लिए यात्रियों एवं दुकानदारों को जागरूक किया जा रहा है।

‘स्वच्छ रेलगाड़ी’ अभियान के अंतर्गत अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की टीमों द्वारा चयनित एवं महत्वपूर्ण ट्रेनों का विशेष निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान OBHS ट्रेनों में शौचालयों, कोच के अंदर एवं बाहर की साफ-सफाई, लिनेन की गुणवत्ता तथा पैंट्री कार की स्वच्छता की जांच की जा रही है। पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, स्टेशनों पर नालियों एवं शौचालयों की विशेष सफाई सुनिश्चित की जा रही है। जिन स्थानों पर सौर ऊर्जा संचालित उपकरण लगाए गए हैं, उन्हें चालू एवं कार्यशील स्थिति में रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रेलवे कार्यालयों में भी स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए ‘क्लीन डेस्क’, ‘कम-से-कम प्रिंट’ एवं ‘डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन’ की कार्यप्रणाली को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है। बैठकों एवं कार्यालयीन गतिविधियों में एकल-उपयोग वाली वस्तुओं के स्थान पर पुनः उपयोग की जा सकने वाली बोतलों एवं कपों के प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ का उद्देश्य केवल सफाई गतिविधियों तक सीमित न रहकर रेलवे परिसरों में स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था विकसित करना, यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं बेहतर रेलवे वातावरण का निर्माण करना है। रेलवे द्वारा यात्रियों एवं आमजन से अपील की जा रही है कि वे रेलवे परिसरों एवं रेलगाड़ियों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग न करें तथा ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ पब्लिक’ के संकल्प को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *