जनसुनवाई में भाई-बहन के स्नेह की भावुक कहानी, जिलाधिकारी की पहल से पूरी हुई बहन की इच्छा

Spread the love

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष जनसुनवाई के दौरान भाई-बहन के अटूट स्नेह से जुड़ा एक भावुक प्रकरण सामने आया। पारिवारिक विवाद के चलते अलग-अलग रह रहे 9 वर्षीय आराध्या राजश्री और उसके 5 वर्षीय भाई सिद्धार्थ को रक्षाबंधन के अवसर पर एक-दूसरे से मिलने और साथ पर्व मनाने का अवसर मिला। जिलाधिकारी की संवेदनशील पहल से बहन की अपने भाई को राखी बांधने की इच्छा पूरी हो सकी। बताया गया कि आराध्या राजश्री अपने पिता राजकुमार के साथ, जबकि उसका छोटा भाई सिद्धार्थ अपनी मां मीरा कुमारी के साथ रह रहा है। दोनों बच्चों के माता-पिता के बीच विवाद का मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण दोनों भाई-बहन अलग रह रहे थे।
जनसुनवाई के दौरान आराध्या ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष अपने भाई सिद्धार्थ को रक्षाबंधन पर राखी बांधने की इच्छा व्यक्त की। बच्ची की भावनाओं को समझते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाई और उप जिलाधिकारी  राबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर दोनों बच्चों को राबर्ट्सगंज थाने बुलाया गया। यहां 9 वर्षीय आराध्या ने अपने छोटे भाई सिद्धार्थ की कलाई पर राखी बांधी और भाई की लंबी उम्र एवं खुशहाली की कामना की। इस भावुक मिलन के दौरान दोनों बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। राखी बांधते समय भाई-बहन की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। रक्षाबंधन के इस भावुक पल ने यह संदेश दिया कि पारिवारिक परिस्थितियां चाहे जैसी हों, भाई-बहन के बीच स्नेह और अपनत्व का रिश्ता अपनी अलग ही जगह रखता है। जिलाधिकारी की संवेदनशील पहल से दोनों बच्चों को इस पावन पर्व पर साथ समय बिताने और अपने रिश्ते की खुशियां साझा करने का अवसर मिला। दोनों बच्चों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन की इस मानवीय पहल की मौजूद लोगों ने भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *