पेयजल गुणवत्ता की जांच हेतु चलाया जा रहा है विशेष अभियान

Spread the love

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल पर रेल यात्रियों एवं रेलकर्मियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पेयजल गुणवत्ता की जांच हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेल प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं कॉलोनियों में पानी की टंकियों, वाटर कूलर, वाटर टैप, वाटर फिल्टर तथा पाइप लाइनों की नियमित सघन जांच एवं रख रखाव को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत पूर्व मध्य रेल के स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु अवशिष्ट क्लोरीन परीक्षण, जीवाणु संवर्धन परीक्षण एवं रासायनिक परीक्षण किये जा रहे हैं।

स्वच्छ पेयजल गुणवत्ता जांच के दौरान जहाँ भी पेयजल गुणवत्ता से सम्बन्धित प्रतिकूल परिणाम प्राप्त हो रहे हैं, वहाँ तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की जा रही है। यह विशेष अभियान पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों के सभी रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालयों के सभी पेयजल स्थलों के परीक्षण तथा उनके सुधार तक जारी रहेगा। स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच एवं परीक्षण किया जा रहा है, ताकि रेल यात्रियों एवं रेलकर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। रेल प्रशासन रेल यात्रियों एवं रेलकर्मियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिये प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *